भारत

कारोबारी परिवार सुसाइड, केमिकल पीने से 3 की मौत

Nilmani Pal
13 May 2025 6:26 AM IST
कारोबारी परिवार सुसाइड, केमिकल पीने से 3 की मौत
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक दंपती और उनके दो बच्चों ने केमिकल पी लिया। इस घटना में पति और दोनों बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की शुरुआत जांच में आर्थिक तंगी की वजह से खुदकुशी करने की बात सामने आई है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि 45 वर्षीय हरदीप सिंह पत्नी हरजीत कौर और दो बच्चों के साथ चंदर विहार में रहते थे। हरदीप की संगम पार्क स्थित डीएसआईडीसी परिसर में किराये की दुकान है। यहां वह बाइक के हॉर्न बनाने का काम करते थे। हरदीप पहले मॉडल टाउन के पास महेंद्रू एंक्लेव में रहते थे, लेकिन इस साल वैशाखी के दिन चंदर विहार स्थित अपने नए मकान में रहने चले गए थे। हरदीप का 16 वर्षीय बेटा जगदीश सिंह जीडी गोयनका स्कूल में 11वीं क्लास पढ़ता था और बेटी 15 वर्षीय हरगुल कौर अशोक विहार स्थित जसपाल कौर स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी।

रात भर रहे गायब, सुबह उठाया आत्मघाती कदम: परिजनों के अनुसार, हरदीप पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रविवार रात से ही घर से गायब था। सुबह वो संगम पार्क स्थित अपनी दुकान में पहुंचे। यहां जंग रोकने के लिए केमिकल रखा हुआ था, जिसे चारों ने पी लिया। जब उनकी तबीयत खराब होने लगी, तो बेटे ने अपनी बुआ अवतार कौर को फोन कर आत्महत्या करने की बात बताई। इसके बाद करीब 9 बजे अवतार कौर मौके पर पहुंचीं और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद हरदीप और दोनों बच्चों को हिंदूराव अस्पताल और हरजीत को दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान हरदीप और दोनों बच्चों की मौत हो गई।

जांच से जुड़े पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन अब तक की जांच में आर्थिक तंगी के कारण ही खुदकुशी करने की बात सामने आई है। परिजन की मानें तो कारोबार मंदा होने और खर्चे अधिक होने की वजह से परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। दोनों बच्चों की स्कूल फीस बहुत ज्यादा थी। इसे लेकर भी हरदीप बेहद परेशान चल रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर सबूत जुटाए हैं।

Next Story
null