भारत

20 रुपए के नोट को पकड़ने के चक्कर में बस यात्री की मौत

Nilmani Pal
17 Jun 2026 6:21 AM IST
20 रुपए के नोट को पकड़ने के चक्कर में बस यात्री की मौत
x
दर्दनाक हादसा

यूपी। शाहजहांपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक चलती रोडवेज बस में कंडक्टर ने यात्री को रुपए लौटाए तो इसी दौरान 20 रुपए का एक नोट उड़ गया। नोट पकड़ने के लिए यात्री बस से कूद गया। ऐसा करना यात्री की जान पर भारी पड़ गया। बस से कूदते ही युवक बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसका हाथ बस के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाय जा रहा था लेकिन बरेली ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना, थाना बंडा क्षेत्र के गांव कमलापुर लुहिची का रहने वाला सतीश कुमार पुत्र रामशरन मंगलवार को रोडवेज बस से शाहजहांपुर जा रहा था। चलती बस में टिकट लेने के दौरान परिचालक सायरा बानो के पास खुले रुपये नहीं थे, इसलिए 20 रुपये बाद में लौटाने की बात कही गई। कुछ देर बाद जब परिचालक ने 20 रुपये लौटाए तो नोट हवा में उड़कर बस से बाहर चला गया। नोट उड़ता देख सतीश ने बस रोकने को कहा। लेकिन जब तक बस रुकती, तब तक वह चलती बस से नीचे कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के दौरान इसी बस से कूदते समय सतीश का संतुलन बिगड़ गया। वह बस के अगले पहिए की चपेट में आ गया।

हादसे में उसका दाहिना हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर लगभग अलग हो गया। इस हादसे से हर कोई सन्न रह गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुवायां लेकर पहुंची, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिवारीजन उसे बरेली इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर बड़ागांव चौकी पर खड़ा करा दिया है। चालक हरजीत सिंह और परिचालक सायरा बानो से पूछताछ की जा रही है। कोतवाल आरके रावत ने बताया कि मौत की जानकारी मिली है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक-परिचालक से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।


Next Story