भारत

कालका-शिमला हाई-वे पर पलटी बस

Shantanu Roy
24 May 2026 3:58 PM IST
कालका-शिमला हाई-वे पर पलटी बस
x
सोलन। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते टल गया। सोलन से शिमला की ओर जा रही एक निजी बस सलोगड़ा के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 10 से 12 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि बस सडक़ पर पलटने के बाद खाई की ओर नहीं गिरी, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया। दुर्घटना में बस चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही सलोगड़ा क्षेत्र में पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ पर पलट गई। पलटने के बाद बस कुछ दूरी तक सडक़ पर घिसटती चली गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
लोगों का कहना है कि यदि बस खाई की ओर लुढक़ जाती तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था। घटना में घायल बस चालक और एक यात्री को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही सोलन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने यात्रियों और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सडक़ से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया। स्थानीय लोगों ने सलोगड़ा-सोलन क्षेत्र को दुर्घटना संभावित बताते हुए यहां सडक़ सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग उठाई है।
Next Story