भारत

गरीब परिवार के साथ दबंगई, जारी फरमान से पानी भी नसीब नहीं

Nilmani Pal
27 July 2025 7:35 AM IST
गरीब परिवार के साथ दबंगई, जारी फरमान से पानी भी नसीब नहीं
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। आगरा के बाह में गांव चौसिंगी में एक परिवार दबंगों से परेशान है। दबंगों ने पहले दंपति को पीटा, फिर थाने में शिकायत करने पर सरकारी हैंडपंप से पानी भरने पर रोक लगा दी। आरोप है कि मामले में शिकायत के बाद भी थाने पर सुनवाई नहीं हो रही। थाना पुलिस ने बोल दिया कि उस हैंडपंप से पानी मत भरो। पीड़िता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित दंपति गांव से पलायन करने की बात कह रहा है।

घटना 22 जून की है। वीडियो में गांव की निवासी कुसुम ने कहा है कि उसके पति ओमप्रकाश घर के दरवाजे पर खड़े थे। गांव के एक दबंग परिवार ने उनके पति का गिरेबां पकड़ लिया। मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वह घर से बाहर आई। पति को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। पीटते हुए घर के अंदर तक ले गए। उन्होंने घटना की शिकायत बाह थाने में की और पुलिस को बताया कि आरोपियों ने छेड़छाड़ भी की। इसकी जानकारी आरोपित पक्ष को हो गई।

दंपति का आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों को पुलिस शिकायत की बात पता चली तो और नाराज हो गए। शिकायत पर कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हो गए। आरोपियों ने सरकारी हैंडपंप से पानी न भरने का फरमान जारी कर दिया। करीब एक माह से वे हैंडपंप से पानी नहीं भर पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें पानी को लेकर भी समस्या हो रही है और आरोपियों की दबंगई से परेशान होकर वो गांव से पलायन करना चाहते हैं। उनका कहना है कि उन्हें पुलिस भी मदद नहीं कर रही है ऐसे में उनके पास केवल गांव से जाने का ही समाधान मिल रहा है।

Next Story
null