भारत

हत्या के आरोपी के दुकानों में चलेगा बुलडोजर, प्लांट के 2 अफसरों का किया था मर्डर

Nil dhankar
16 March 2026 7:10 AM IST
हत्या के आरोपी के दुकानों में चलेगा बुलडोजर, प्लांट के 2 अफसरों का किया था मर्डर
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। बदायूं डबल मर्डर में सीएम योगी की सख्ती का असर साफ दिख रहा है। एसपी समेत कई अफसरों पर एक्शन के बाद अब बुलडोजर चलाने की तैयारी हो रही है। सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई छह अवैध दुकानों को ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। हत्यारोपी को एनकाउंटर के बाद पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने हत्याकांड के बाद से बंद सीबीजी प्लांट को दोबारा शुरू कराने की कवायद तेज कर दी है।

डीजीएम सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में आरोपी अजय प्रताप सिंह के जेल भेजे जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने उसके अवैध कब्जों की जांच शुरू की थी। राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर अतिक्रमण कर बनाई गई छह दुकानों की नपाई कराई और अवैध कब्जे की सीमा तय की। नपाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीएम की ओर से ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने दुकानों को पहले ही खाली करा लिया है।

दोहरे हत्याकांड के बाद बंद पड़े सीबीजी प्लांट को फिर से शुरू कराने की कवायद भी तेज हो गई है। रविवार को भी अहमदाबाद में एचपीसीएल और सोपान कंपनी के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। माना जा रहा है कि एक-दो दिन के भीतर प्लांट का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। 12 मार्च को हुई घटना के बाद से अधिकारियों और कर्मचारियों में दहशत के चलते प्लांट बंद कर दिया गया था और रविवार को भी लगातार चौथे दिन प्लांट बंद रहा। प्लांट और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने प्लांट के समीप ग्राम समाज की एक बीघा जमीन चिह्नित की है, जिसे पुलिस विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा। एसएसपी ने नवसृजित चौकी के लिए फिलहाल दो उपनिरीक्षकों और आठ पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है।


Next Story
null