भारत

जीजा-साली की मौत मामले में पुलिस अधिकारी सस्पेंड, जंगल में मिली थी लाशें

Nil dhankar
4 Oct 2025 7:20 AM IST
जीजा-साली की मौत मामले में पुलिस अधिकारी सस्पेंड, जंगल में मिली थी लाशें
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर देहात में जीजा और उसकी नाबालिग साली के बीच अफेयर का दुखद अंत सामने आया है। दोनों देवराहट थाना क्षेत्र के बेड़ौवा गांव स्थित घर से 25 सितंबर को लापता हो गए थे। हफ्ते भर बाद गुरुवार को जीजा-साली के क्षत-विक्षत शव मूसानगर थाना क्षेत्र के किशवा दुरौली गांव के जंगल में पड़े मिले। आशंका है कि शवों को जानवरों ने नोंचा है। मौके से सल्फास की गोलियां और दो गिलास मिले हैं। वहीं परिजनों की सूचना के बाद भी कार्रवाई न करने पर एसपी ने एसओ देवराहट को निलंबित कर दिया है।

राजपुर थाना क्षेत्र के खरतला गांव निवासी 25 वर्षीय उमाकांत निषाद की शादी तीन साल पहले मूसानगर थाना क्षेत्र के किशवा दुरौली गांव निवासी राम सहाय की बेटी रिंकी उर्फ रूपम से हुई थी। सुसराल आने जाने के दौरान उमाकांत के अपनी 16 साल की साली से प्रेम-संबंध हो गए। समझाने के बाद भी किशोरी नहीं मानी तो माता-पिता ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था।

इसके चलते किशोरी डेढ़ साल से देवराहट थाना क्षेत्र के बेड़ौवा गांव में पारिवारिक दादा रामदीन के यहां रह रही थी। रामदीन के मुताबिक 25 सितंबर को उमाकांत साली को लेकर गया था। कुछ पता न चलने पर देवराहट पुलिस को 30 सितंबर को सूचना देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। आरोप है कि इस सूचना के बावजूद एसओ देवराहट ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को दोनों के शव मूसानगर के किशवा दुरौली गांव के पास जंगल में पड़े मिले। इसपर सीओ भोगनीपुर संजय सिंह व एसओ मूसानगर काली चरण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उमाकांत के आधार को देखने के बाद परिजनों को सूचना दी। मृतका के दादा ने सूचना के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि लापरवाही सामने आने पर एसओ देवराहट को निलंबित कर दिया गया है।

Next Story
null