बृजमोहन की हत्या, परिवार में 55 लाख के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद

यूपी। बुलंदशहर में 55 लाख के लिए एक भतीजे ने अपने चाचा की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 55 लाख रुपयों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। खेतों पर काम करते समय आरोपी ने आकर चाचा पर गोलियां बरसा दीं। इसके बाद आरोपी ने 112 पर कॉल करके पुलिस को चाचा की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के गांव क्वार्सी में 55 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर भतीजे ने चाचा की तमंचे से गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने पुलिस को खुद ही फोन पर सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपी भतीजे को हिरासत में लेकर आलाकत्ल तमंचा बरामद किया है। मूलरूप से गांव क्वार्सी निवासी बृजमोहन शर्मा उर्फ गुड्डू (50 वर्ष) पुत्र रमेश चंद्र अपने परिवार के साथ बुलंदशहर में रहते हैं। जहां पर उनका इलैक्ट्रिक स्कूटी और बाइकों का शोरूम है। करीब दस वर्षों से उनका अपने भतीजे कृष्णकांत से 55 लाख रुपए को लेकर लेनदेन चल रहा था।
गुरुवार को बृजमोहन शर्मा ट्रैक्टर लेकर अपनी जमीन को जोतने के लिए अपने बेटे चंद्रकांत के साथ खेतों पर गया था। जहां पर पहले से मौजूद उसके भतीजे कृष्णकांत ने उक्त 55 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर बृजमोहन शर्मा पर तमंचे से फायरिंग कर दी। बृजमोहन शर्मा को दो गोलियां लगीं। जिसमें एक गोली सिर और दूसरी गोली सीने में लगी। बृजमोहन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद भतीजे कृष्णकांत ने डायल 112 पुलिस को सूचित किया। हत्या की सूचना पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ शोभित कुमार अत्री मौके पर पहुंचे। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बृजमोहन शर्मा की हत्या के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण पप्पू सिंह ने बताया कि कुछ वर्षों पहले बृजमोहन शर्मा ने अपनी जमीन जहांगीरपुर में किसी व्यक्ति को गिरवी रखी थी। जिसके बाद उन्होंने भतीजे कृष्णकांत से 55 लाख रुपये लिये थे। जिसके बाद गिरवी रखी जमीन वापस मिली थी। अब कृष्णकांत अपने चाचा बृजमोहन से उक्त रुपये वापस मांग रहा था। गुरुवार को कृष्णकांत खेतों पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसके चाचा बृजमोहन खेतों पर आ गए। कुछ ही देर में 55 लाख रुपये को लेकर कहासुनी हुई।
मृतक ब्रजमोहन शर्मा की पत्नी आशा रानी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मलुआ उर्फ कृष्णकान्त नरेश, श्रीनिवास, पंकज, अरविंद, अनिल शर्मा, संतोष देवी और विश्र्वनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी देहात, अंतरिक्ष जैन ने कहा कि बृजमोहन ने अपने भतीजे के माध्यम से 55 लाख रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस नहीं करने पर भतीजे कृष्णकांत ने बृजमोहन की जमीन जोत ली थी। गुरुवार को बृजमोहन खेत जोतने आए थे। जिसको लेकर विवाद हुआ। तभी कृष्णकांत ने अपने चाचा बृजमोहन की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया गया है।





