
x
Nalagarh. नालागढ़। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पल्ली, रेतर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत रेतर खड्ड पर 4.44 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित आरसीसी टी-बीम पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पुल के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग दस गांवों की पांच हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, पुल से जुड़ी अप्रोच रोड का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रेतर खड्ड पर पुल निर्माण की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। बरसात के दौरान खड्ड का जलस्तर बढऩे से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो जाती थी। ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती थी। सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों और मरीजों को झेलनी पड़ती थी।
44 मीटर लंबे और 7.50 मीटर चौड़े इस आधुनिक पुल के बनने से क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। अब पल्ली, रेतर और आसपास के गांवों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जबकि छात्रों और कर्मचारियों का सफर सुविधाजनक बनेगा। ग्रामीणों ने पुल निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में खड्ड के उफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था और कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लोक निर्माण विभाग नालागढ़ मंडल के अधिशाषी अभियंता परवरसर सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अप्रोच रोड का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना का पूर्ण लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
Tagsहिमाचल प्रदेश न्यूज हिंदीहिमाचल प्रदेश न्यूजहिमाचल प्रदेश की खबरहिमाचल प्रदेश लेटेस्ट न्यूजहिमाचल प्रदेश न्यूज अपडेटहिमाचल प्रदेश हिंदी न्यूज टुडेहिमाचल प्रदेश हिंदीन्यूज हिंदी न्यूज हिमाचल प्रदेशहिमाचल प्रदेश हिंदी खबरहिमाचल प्रदेश समाचार लाइवHimachal Pradesh News HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh Latest NewsHimachal Pradesh News UpdatesHimachal Pradesh Hindi News TodayHimachal Pradesh HindiNews Hindi News Himachal PradeshHimachal Pradesh Hindi NewsHimachal Pradesh News Live
Next Story





