
x
इलाके में फैली सनसनी
Prayagraj. प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार सफारी कार ने चार बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार वाहन की नंबर प्लेट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना चौफटका ओवरब्रिज के पास सुबह करीब 8:45 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कर्बला की ओर से तेज रफ्तार सफारी स्टॉर्म (नंबर DL2CAT4369) धूमनगंज की ओर जा रही थी। पुल पर सामने से आ रहे बाइक सवारों को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि दो बाइकें पूरी तरह टूटकर बिखर गईं और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी, मदद को आगे नहीं आए लोग
हादसे के बाद घायल सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन कई राहगीर मदद करने की बजाय वीडियो बनाते दिखे। थोड़ी देर बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को काल्विन हॉस्पिटल भिजवाया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य का इलाज किया गया। मृतक का नाम रोहित कुशवाहा (36) है, जो मुंडेरा का रहने वाला था। रोहित DJ और साउंड सिस्टम का कारोबार करता था और रेलवे में वेंडिंग मशीन टिकट ठेका भी चलाता था। उसके पिता रवि प्रकाश कुशवाहा रेलवे से रिटायर कर्मचारी हैं। रोहित दो भाइयों में छोटा था और उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घायल हुए तीन लोग
घायलों की पहचान विद्याभूषण (36) निवासी करछना, संजय अग्रहरि (52) निवासी हिम्मतगंज और मंजू (40) पत्नी सुनील कुमार निवासी कर्बला के रूप में हुई है। मंजू के सिर में चोट थी, लेकिन प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। विद्याभूषण को भी इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि संजय अग्रहरि को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हॉस्पिटल में भर्ती संजय अग्रहरि ने बताया कि वह अपनी दो बेटियों (10 और 12 साल) को स्कूल छोड़ने के बाद लौट रहे थे। “पुल पर अचानक सामने से तेज रफ्तार कार आई और कई बाइकों को रौंद दिया। मुझे भी जोरदार टक्कर लगी और मैं बेहोश हो गया। जब होश आया तो अस्पताल में था। मेरे हाथ-पैर और सिर में चोट है, दाहिना पैर टूट गया है,” उन्होंने कहा।
पुल पर डिवाइडर न होना बना हादसे का कारण
स्थानीय लोगों ने बताया कि चौफटका पुल पर डिवाइडर नहीं है, जिससे दोनों दिशाओं से वाहन आमने-सामने चल रहे थे। यही वजह है कि सफारी कार ने सामने से आ रही बाइकों को एक साथ टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार की नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे पुलिस को वाहन की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल सफारी कार दिल्ली के चितरंजन पार्क निवासी तलवंत सिंह पुत्र दरबारी सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने बताया कि वाहन का मोबाइल नंबर RTO रिकॉर्ड में दर्ज है, लेकिन फिलहाल उस पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।
CCTV फुटेज से मिल सकती है मदद
ACP सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ड्राइवर धूमनगंज की ओर भागा था। इसलिए पुलिस ने प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर लगे सर्विलांस कैमरों के फुटेज खंगालने के लिए विशेष टीम गठित की है। उन्होंने कहा कि, “कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पूरी जानकारी मिल गई है। अब यह जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त वाहन मालिक खुद ड्राइव कर रहा था या किसी अन्य ने कार चला रहा था।” स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौफटका पुल पर जल्द से जल्द डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि इस पुल पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। फिलहाल पुलिस ने मृतक रोहित कुशवाहा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फरार ड्राइवर की तलाश में टीम दिल्ली और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।
Tagsप्रयागराज हिट एंड रनचौफटका पुल हादसासफारी कारतेज रफ्तारबाइक सवार की मौततीन घायलACP विद्युत गोयलदिल्ली कार मालिकRTO जांचकाल्विन अस्पतालप्रयागराज-कानपुर हाईवेपुलिस जांचसड़क सुरक्षारोड एक्सीडेंटPrayagraj hit and runChaufatka bridge accidentSafari carhigh speedbike rider killedthree injuredACP Vidyut GoyalDelhi car ownerRTO investigationCalvin HospitalPrayagraj-Kanpur highwaypolice investigationroad safetyroad accident
Next Story





