भारत

BREAKING: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिट्टा और पिस्टल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
30 March 2026 8:40 PM IST
BREAKING: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिट्टा और पिस्टल सहित दो आरोपी गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Shimla. शिमला। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोटखाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मादक पदार्थों के साथ अवैध हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की काले रंग की टाटा सफारी में दो व्यक्ति महासू से कोकुनाला की ओर चिट्टा (हेरोइन) लेकर जा रहे हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महासू सड़क पर कोकुनाला के पास पुराने पुल के नजदीक नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, जिसे रोकने का इशारा किया गया।

बताया गया कि वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से नाके को पार करने की कोशिश की और पास खड़े एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद भी आरोपी भागने का प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रूवल चौहान (26), निवासी ठकरोट, तहसील कोटखाई और रमनजीत सिंह (50), निवासी सन्नी एन्क्लेव, खरड़, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें एक अटैची से अवैध सामग्री बरामद हुई। बरामद सामग्री में एक पिस्टल (पिएत्रो बेरेटा), पिस्टल के लिए दो गैस सिलेंडर, छर्रे, एक छोटा चाकू, 6.15 ग्राम क्रिस्टल मेथ (आईस) और 2.25 ग्राम हेरोइन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी इस बात का संकेत है।

आरोपी नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त थे। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ थाना कोटखाई में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि नशे और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए हर स्तर पर काम कर रही है। समाज में अपराध को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story