भारत
BREAKING: हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, सात देसी पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार
Shantanu Roy
17 May 2026 7:08 PM IST

x
बड़ी खबर
Burhanpur. बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात देसी पिस्टल और तीन खाली मैग्जीन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। खकनार थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हथियार तस्करी के नए तरीके का भी खुलासा हुआ है, जिसमें गरीब और बेरोजगार युवाओं को ढाल के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाचोरी निवासी विकास सिंह उर्फ विक्की पटवा (20) और खकनार खुर्द निवासी अकलेश उर्फ कान्हा वसावे (21) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से बरामद हथियारों की अनुमानित कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 16 मई को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि दो संदिग्ध युवक ग्राम मोहनगढ़ के पास रेलवे पुलिया के नीचे अवैध हथियारों की खेप के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान विकास सिंह के पास से दो देसी पिस्टल और अकलेश के पास से पांच देसी पिस्टल बरामद की गईं। इसके अलावा तीन खाली मैग्जीन भी जब्त की गई हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने किया। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद हथियार तस्करों ने अपना तरीका बदल दिया है। अब वे सीधे ग्राहकों तक हथियार नहीं पहुंचाते, बल्कि गरीब और बेरोजगार युवाओं को “कैरियर” के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
एसपी के अनुसार, सिकलीगर नेटवर्क से जुड़े तस्कर पहले हथियार इन युवाओं तक पहुंचाते हैं और फिर उन्हीं के जरिए आगे डिलीवरी करवाई जाती है। इससे पुलिस जांच में सीधे बड़े तस्करों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध नेटवर्क में 18 से 35 वर्ष की उम्र के युवा अधिक संख्या में शामिल हैं। इन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में लेकर छोटे-छोटे पैसों का लालच दिया जाता है, जिसके बदले वे जोखिम भरा काम करने को तैयार हो जाते हैं।
एसपी ने बताया कि कई युवकों को पांच से दस हजार रुपये के लालच में इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। ये युवक अनजाने में मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में आपराधिक गतिविधियों के लिए हथियार सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे युवाओं के पुनर्वास के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें इस अपराध की दुनिया से बाहर निकाला जा सके। हालांकि, जानबूझकर अपराध में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी मामले से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में एक दिन पहले भी खकनार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन देसी पिस्टल बरामद की थीं। पूछताछ में सामने आया कि पाचोरी निवासी हरदीप ने दस पिस्टल बेची थीं, जिनमें से सात पिस्टल रणजीत नामक तस्कर को दी गई थीं। पुलिस के अनुसार हरदीप और रणजीत फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि ये हथियार किन-किन राज्यों में सप्लाई किए गए हैं।
Tagsबुरहानपुर हथियार तस्करीदेसी पिस्टल बरामदखकनार थाना पुलिस कार्रवाईसिकलीगर नेटवर्कअवैध हथियार सप्लाईविकास सिंह गिरफ्तारअकलेश वसावे गिरफ्तारMP क्राइम न्यूजआर्म्स एक्ट मामलागरीब युवाओं का इस्तेमाल तस्करीपुलिस कार्रवाई बुरहानपुरBurhanpur arms smugglingcountry-made pistol recoveredKhaknar police station actionSikligar networkillegal arms supplyVikas Singh arrestedAklesh Vasave arrestedMP Crime NewsArms Act caseuse of poor youth for smugglingpolice action Burhanpur
Next Story





