भारत

BREAKING: अवैध हथियार कारोबार का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
30 March 2026 8:00 PM IST
BREAKING: अवैध हथियार कारोबार का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
x
15 हथियार जब्त
Khargone. खरगोन। जिले के गोगावां थाना क्षेत्र के ग्राम सिगनूर में अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई का मामला एक बार फिर सामने आया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से कुल 15 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार कारोबार पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना प्रभारी दीपक यादव के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाहर से आए दो व्यक्ति सिगनूर के एक सिकलीगर से अवैध हथियारों की डील कर चुके हैं और सप्लाई के लिए निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताए गए स्थान बेहरामपुर टेमा के पास बारहवां मील फाटे पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शीलेंद्र पिता राधेश्याम यादव और यादवेंद्र पिता सत्यवीर यादव, दोनों निवासी पनौता जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) बताए। वहीं तीसरे आरोपी ने अपना नाम संदीप पिता जगदीश चावला निवासी सिगनूर बताया, जो पेशे से सिकलीगर है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के पास से एक थैली में 5 देशी पिस्टल और 5 देशी कट्टे बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य कार्रवाई में कुल 15 अवैध हथियार जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक भी जब्त की है, जिसका उपयोग हथियारों की सप्लाई के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी संदीप चावला के खिलाफ पहले से गोगावां और भीकनगांव थानों में आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि सिगनूर क्षेत्र लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के लिए जाना जाता रहा है। यहां बने हथियारों की सप्लाई देश के विभिन्न राज्यों में की जाती रही है। इसके बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन राज्यों और अपराधियों तक की जानी थी। गोगावां पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी, ताकि अवैध हथियारों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध हथियारों के बढ़ते नेटवर्क और उसके प्रभाव को उजागर कर दिया है। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, जिसे रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story