भारत

BREAKING: 10 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 12 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
3 April 2026 7:46 PM IST
BREAKING: 10 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 12 आरोपी गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Khargone. खरगोन। जिले के कसरावद थाना क्षेत्र में व्यापारी के घर फायरिंग कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 6 आरोपी अब भी फरार हैं। आरोपियों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर विदेशी नंबर से कॉल कर धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को भीलगांव निवासी सत्येंद्र राठौड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता दिलीप राठौड़ के मोबाइल पर कॉल कर आरोपियों ने फायरिंग का वीडियो भेजा और 10 करोड़ रुपए की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।


जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी लोकेंद्र पंवार और सचिन पाटीदार का फरियादी परिवार से पुराना लेन-देन विवाद था। इसी विवाद को निपटाने के लिए आरोपियों ने बड़ी साजिश रची और गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उज्जैन और देवास से शूटर बुलाए थे। पहले 11 मार्च को फायरिंग की कोशिश की गई, लेकिन वह असफल रही। इसके बाद 16 मार्च को दोबारा योजना बनाकर दिलीप राठौड़ के घर पर फायरिंग की गई और उसका वीडियो बनाकर भेजा गया, ताकि परिवार पर दबाव बनाया जा सके।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से करीब 15 दिनों तक लगातार कार्रवाई की। इसके बाद गिरोह का पूरा नेटवर्क उजागर हुआ और एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, कारतूस, 3 कार, 2 बाइक और 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 44 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शूटर, रेकी करने वाले और सहयोगी शामिल हैं। मुख्य आरोपी राजपाल चंद्रावत पर पहले से हत्या, अपहरण और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने बड़े गैंग का नाम लेकर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार 6 आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story