भारत

BREAKING: मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और बेटे पर FIR दर्ज

Shantanu Roy
23 Sept 2025 11:33 PM IST
BREAKING: मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और बेटे पर FIR दर्ज
x
बड़ी खबर
Sambhal. संभल। देशभर में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे अनस पर संभल जिले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि दोनों ने अपनी कंपनी फेसियल के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया और फिर कंपनी बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों समेत एक अन्य साथी को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की है। मामले की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी जब जावेद हबीब अपने बेटे के साथ संभल पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को अपनी कंपनी फेसियल में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि इस कार्यक्रम में 100 से 150 लोगों ने हिस्सा लिया था। आरोप है कि निवेशकों को 50 से 75 प्रतिशत तक का मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया।
निवेशकों से करोड़ों की ठगी
आयोजित कार्यक्रम में जावेद हबीब और उनके बेटे ने लोगों से कहा था कि कंपनी में निवेश करने पर उन्हें बड़े स्तर पर लाभ मिलेगा। निवेशकों को भरोसा दिलाने के लिए बाइनैश कॉइन और बिटकॉइन ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराया गया। शुरुआती दिनों में लोगों को रिटर्न का वादा किया गया, लेकिन बाद में कंपनी ने किसी को भी भुगतान नहीं किया। धीरे-धीरे जब निवेशकों को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़ितों के अनुसार, कंपनी बंद होने के बाद वे बार-बार रिटर्न की मांग करते रहे, लेकिन जावेद हबीब और उनके बेटे अनस ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
इस मामले पर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जानकारी दी कि थाना रायसती में पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के लिए मामले को एएसपी आलोक भाटी को सौंपा गया। जांच के दौरान पांच से अधिक लोगों की शिकायत सामने आई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई कि जावेद हबीब, उनके बेटे अनस और एक अन्य साथी ने मिलकर फेसियल कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी की है। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने रॉयल पैलेस, सराय तारीन, संभल में एक भव्य मीटिंग आयोजित की थी। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। यहीं पर लोगों को कंपनी की स्कीम में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया और भारी मुनाफे का लालच दिया गया।
कंपनी बंद कर फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि निवेशकों से मोटी रकम वसूलने के बाद फेसियल कंपनी ने अपना कारोबार अचानक बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। निवेशकों को न तो वादे के मुताबिक मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल राशि लौटाई गई। पीड़ितों ने बताया कि यह पूरा मामला ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर और वर्चुअल करेंसी से जुड़ा हुआ है। कंपनी की ओर से बार-बार टालमटोल की गई और अंततः पूरा पैसा डूब गया।
पीड़ितों की गुहार
निवेशकों ने कहा कि मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब की पहचान और नाम पर भरोसा कर उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई कंपनी में लगाई थी। लेकिन धोखाधड़ी के बाद उन्हें गहरा आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचा है। निवेशकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
संभल पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कंपनी में निवेश की गई रकम कहां और कैसे ट्रांसफर की गई। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी स्कीम में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और कानूनी स्थिति की जांच जरूर करें।
Next Story