भारत

घुमारवीं नगर परिषद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

Shantanu Roy
22 May 2026 5:15 PM IST
घुमारवीं नगर परिषद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
x
घुमारवीं। नगर परिषद चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने गुरुवार को घुमारवीं में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना गया, जहां पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा समर्थित विजयी पार्षदों के साथ चुनावी समर में उतरे हारने वाले भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।राजेंद्र गर्ग ने कहा कि घुमारवीं की जनता ने भाजपा की नीतियों और संगठन पर भरोसा जताते हुए नगर परिषद में छह पार्षदों को जिताकर स्पष्ट बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरा और भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लोगों को प्रभावित करने की कोशिशें हुईं, लेकिन जनता किसी दबाव में नहीं आई। गर्ग ने प्रदेश सरकार की गारंटियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चार साल बीतने के बावजूद सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर पाई है।इस दौरान पूर्व मंत्री ने विजयी पार्षदों को टोपी, शॉल और पटका पहनाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वार्ड नंबर एक से शकुंतला देवी, वार्ड नंबर दो से सविता कुमारी, वार्ड नंबर तीन से राम पाल, वार्ड नंबर चार से राजेश कुमार, वार्ड नंबर पांच से संदीप शर्मा तथा वार्ड नंबर सात से अमित कुमार शामिल रहे। नवनिर्वाचित पार्षदों ने शहर के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। समारोह में जिला महामंत्री नवीन शर्मा, मीडिया प्रभारी महेंद्र पाल रतवान, शहरी इकाई अध्यक्ष कर्म चंद, पूर्व पार्षद अश्वनी रतवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष हेमराज सांख्यान, सुरेंद्र शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Next Story