भारत

भाजपा का फैसला, जनता को बताएंगे गारंटियों की हकीकत

Shantanu Roy
8 July 2026 4:07 PM IST
भाजपा का फैसला, जनता को बताएंगे गारंटियों की हकीकत
x
Shimla. शिमला। भाजपा कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनांदोलन चलाया जाएगा। इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा। बता दें कि हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप की महत्त्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में हुई। इसमें भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, सुरेश कश्यप, हर्ष महाजन,डॉ. सिकंदर कुमार सहित कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, हाल ही में हुए पंचायती राज एवं शहरी निकाय चुनावों के परिणामों तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनआंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागबानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश गारंटियां अधूरी रह गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का राशन महंगा किया गया, विकास कार्य ठप पड़े हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच जाएगी तथा कांग्रेस सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी। कांग्रेस की सभी गारंटियां केवल चुनावी नारे बनकर रह गईं। न महिलाओं को आर्थिक लाभ मिला, न मुफ्त बिजली मिली, न दूध और गोबर खरीद की घोषणाएं धरातल पर उतरीं। कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को व्यापक समर्थन एवं आशीर्वाद दिया।
Next Story