भारत

बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पटना में ​करेंगे रोड शो

Nilmani Pal
23 Dec 2025 7:57 AM IST
बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पटना में ​करेंगे रोड शो
x

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नवीन आज पहली बार पटना पहुंच रहे हैं. अपनी कर्मस्थली पाटलिपुत्र की धरती पर आगमन को लेकर भाजपा ने भव्य स्वागत की तैयारी की है. दोपहर करीब 12.30 बजे के बीच लोकनायक जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके पहुंचने का कार्यक्रम है. एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद नितिन नवीन रोड शो के रूप में मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि नितिन नवीन के स्वागत के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के सातों मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को अलग अलग दायित्व सौंपे गए हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा देश और बिहार दोनों स्तरों पर नई राजनीतिक इबारत गढ़ेगी. एयरपोर्ट से मिलर स्कूल तक पूरे मार्ग को भगवा झंडों, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग से सजाया गया है. शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर भव्य स्वागत मंच बनाए गए हैं, जहां वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पुष्पवर्षा करेंगे. रोड शो में एक दर्जन से अधिक हाथी, घोड़े, ढोल नगाड़े, पारंपरिक कलाकार और सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहेंगी. हजारों की संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ता काफिले के आगे चलेंगे.

रोड शो का काफिला शेखपुरा मोड़ होते हुए राजवंशी नगर महावीर मंदिर पहुंचेगा, जहां पंचमुखी हनुमान की पूजा होगी. इसके बाद पुनाईचक मार्ग से पटना हाई कोर्ट के समीप डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आयकर गोलंबर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. इसके बाद काफिला मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेगा. रोड शो के दौरान रथ पर नितिन नवीन के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और उप मुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा भी मौजूद रहेंगे.

Next Story
null