भारत

बीजेपी नेता को बांग्लादेशी नंबर से मिल रही धमकी

Nilmani Pal
5 Jan 2026 1:03 PM IST
बीजेपी नेता को बांग्लादेशी नंबर से मिल रही धमकी
x
ब्रेकिंग

यूपी। यूपी बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और मेरठ की सरधना सीट से विधायक रहे संगीत सिंह सोम को जान से मारने की धमकी मिली है. बांग्लादेश से उन्हें धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं. इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की है. पुलिस अब मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. वहीं, सोम ने कहा है कि वे सनातनियों के हक की बात करते रहेंगे, इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं.

बीजेपी नेता संगीत सोम की ओर से बताया गया कि उन्होंने पुलिस को जांच के लिए मोबाइल नंबर भेज दिया है. ये नंबर बांग्लादेश का है. सरधना थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी की सुबह उनके सचिव चंद्रशेखर सिंह के नंबर पर कॉल आया, कॉल करने वाले ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए विधायक को जान से मारने की धमकी दी. कॉलर ने कहा कि जल्द ही संगीत सोम को जहन्नुम पहुंचा देंगे. उसने बम से उड़ाने की बात भी कही. फोन करने वाले ने खुद को बांग्लादेशी बताया और सोम समेत उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने न केवल नेता को 'जहन्नुम' पहुंचाने की बात कही, बल्कि भारत के समाचार चैनलों को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी. फोन पर गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने कहा कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता.

फिलहाल, पूर्व विधायक संगीत सोम के निजी सचिव ने मेरठ के सरधना थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. संगीत सोम ने पुष्टि की है कि सचिव के माध्यम से पुलिस को सूचना दे दी गई है. अनजान नंबर और कॉल करने वाले की लोकेशन के आधार पर पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. धमकी के बाद समर्थकों में आक्रोश है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. गौरतलब है कि संगीत सोम ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद की थी. साथ ही शाहरुख खान के खिलाफ भी बयान दिया था. उनके बयान से सियासी तूफान मचा हुआ है.


Next Story
null