भारत

घर पर हमला कर बीजेपी नेता की हत्या, हथियारबंद अपराधियों की तलाश में पुलिस

Nil dhankar
29 Jun 2025 1:23 PM IST
घर पर हमला कर बीजेपी नेता की हत्या, हथियारबंद अपराधियों की तलाश में पुलिस
x
पढ़े पूरी खबर

झारखंड। खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र काड़ेतुबिद गांव में हथियारबंद अपराधियों ने ग्राम प्रधान बलराम मुंडा के घर पर हमला बोलकर उनकी हत्या कर दी। उन्हें गोली मारी गई और इसके बाद उन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया। यह वारदात शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। अपराधियों ने घर पर मौजूद ग्राम प्रधान के भांजे आचू मुंडा की भी पिटाई की। वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज खूंटी के सदर अस्पताल में चल रहा है। यह इलाका नक्सल प्रभावित है। रविवार को इलाके के लोगों को वारदात की खबर मिली तो सनसनी फैल गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

मारे गए ग्राम प्रधान बलराम मुंडा भारतीय जनता पार्टी से जुड़े थे। वह खूंटी जिला भाजपा मंडल के मंत्री रह चुके थे। उनकी हत्या की खबर सुनकर झारखंड के पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा सहित पार्टी के कई नेता अस्पताल पहुंचे। पार्टी ने इस हत्याकांड की भर्त्सना करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। बताया गया कि रात में बारिश के दौरान 10-12 की संख्या में हथियारबंद अपराधी उनके घर में घुस आए। उन्होंने ग्राम प्रधान बलराम मुंडा को देखते हुए गोली चला दी और उसके बाद उन्हें बेरहमी से काट डाला। हमलावरों ने बलराम के भांजे आचू मुंडा की भी जमकर पिटाई की। हमलावर लगभग 20 मिनट तक घर में रहे और इस दौरान उन्होंने घर के सामान को क्षतिग्रस्त कर डाला।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खूंटी सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। मृतक बलराम मुंडा अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। इस बर्बर हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Next Story
null