महिला डॉक्टर को बीजेपी नेता कर रहा ब्लैकमेल, अश्लील वीडियो वायरल करने की दे रहा धमकी

यूपी। बिजनौर में एक भाजपा नेता पर महिला डॉक्टर ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। यहां चांदपुर क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर चांदपुर के भाजपा जिला मंत्री पर खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोशी करने और उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बनाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला चिकित्सक ने जिला मंत्री पर काफी समय से उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला चिकित्सक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके पति की करीब 10 माह पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उसके पति की मौत के बाद से जिला मंत्री प्रभात यादव का मरीज को लेकर आना-जाना बढ़ गया। महिला चिकित्सक का आरोप है कि प्रभात यादव ने खाने में नशीला पदार्थ दिया और बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो व फोटो अपने मोबाइल में ले लिए। आरोप है कि आरोपी उनसे धन की मांग करता रहा। महिला चिकित्सक ने ब्लैकमेल किए जाने की बात अपने परिजनों को बताई। पुलिस से की शिकायत में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने व सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। उधर, सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्रभात यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले को लेकर चांदपुर भाजपा दो गुटों में बटी नजर आ रही है। रविवार को एक गुट ने बैठक कर आरोपी भाजपा पदाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपाइयों ने कहा कि निष्पक्ष जांच कर दोषी पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। महिला चिकित्सक की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रकम वसूलने का मामला लखनऊ तक पहुंच चुका है। जिस पर पार्टी हाईकमान ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है।





