भारत

Sujanpur नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा

Shantanu Roy
30 July 2024 11:07 AM GMT
Sujanpur नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा
x
Sujanpur. सुजानपुर। नगर परिषद सुजानपुर पर भाजपा का कब्जा हो गया है। नगर परिषद सुजानपुर के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में भाजपा ने बाजी मारते हुए दोनों पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय विधायक द्वारा मत का प्रयोग करने के उपरांत भी कांग्रेस के हाथ से दोनों पद निकल गए। नगर परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के साथ खेला हो गया है। भीतरघात के दंश से कांग्रेस को भारी झटका लगा, जब बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव हार गई। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह राणा ने भी कांग्रेस समर्थित पार्षदों के पक्ष में मत का प्रयोग किया। नगर परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव उपमंडल अधिकारी नागरिक डाक्टर रोहित शर्मा व नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की
अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

नगर परिषद के कुल आठ पार्षदों ने भाग लिया जबकि वार्ड नंबर सात पार्षद के निधन के चलते खाली हैं। चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित वार्ड नंबर दो की पार्षद शकुंतला देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि कांग्रेस की ओर से भाजपा छोडक़र कांग्रेस खेमे में आई वार्ड नंबर छह की पार्षद सुनीता देवी ने नामांकन भरा। इसमें शकुंतला देवी को पांच मत मिले, जबकि प्रतिद्वंदी सुनीता को चार मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित वार्ड चार के पार्षद मनोज ठाकुर ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि भाजपा ने भी दांव खेलते हुए कांग्रेस की फूट का फायदा उठाकर भाजपा समर्थित पार्षदों मनीष गुप्ता को उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी बना दिया। मनीष गुप्ता को पांच मत मिले और कांग्रेस उम्मीदवार मनोज ठाकुर को चार मतों से संतोष करना पड़ा। दिलचस्प पहलू है कि भाजपा तथा कांग्रेस के चार-चार पार्षदों के होने के चलते भाजपा समर्थित सुनीता देवी का कांग्रेस में चले जाने से मात्र तीन मत ही भाजपा समर्थित पार्षदों के गिने जा रहे थे। इसमें वार्ड एक से सविता महाजन, वार्ड नंबर दो से शकुंतला देवी, वार्ड नंबर पांच से अनिता सुडियाल थी, लेकिन तीन का आंकड़ा पांच करके भाजपा ने अपनी रणनीति का लोहा मनवा लिया।
Next Story