ग्राम पंचायत के घोटाले से बड़े-बड़े अफसर हैरान, 2 फोटोकॉपी का भुगतान किए 4 हजार रूपए

एमपी। 4 लीटर पेंट के लिए 168 मजदूर लगाने और एक घंटे की मीटिंग में अफसरों को 13 Kg काजू-बादाम खिलाने के बाद मध्य प्रदेश का शहडोल फिर सुर्खियों में है. जिले की एक ग्राम पंचायत में 2 पन्नों की फोटोकॉपी के लिए 4 हजार रुपए के बिल का भुगतान कर दिया गया. अब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
दरअसल, यह घटना शहडोल जिले की कुदरी ग्राम पंचायत की है. 'महाराज फोटोकॉपी सेंटर एवं डिजिटल स्टूडियो' के नाम से बने इस बिल में दो पन्नों की फोटोकॉपी की कीमत 2000 रुपए प्रति कॉपी दिखाई गई है. दो पन्नों के लिए कुल 4000 रुपए का भुगतान किया गया है. हैरानी की बात यह है कि ग्राम पंचायत की सरपंच चंद्रवती सिंह और सचिव गुलाब सिंह ने इस बिल पर अपनी मुहर लगाकर इसका भुगतान तक करा दिया. महाराज फोटोकॉपी सेंटर के संचालक अनिलेश चतुर्वेदी ने aajtak.in को बताया, ''ग्राम पंचायत कुदरी के सभी दस्तावेज संबंधी काम मेरी ही दुकान से होते हैं. यह फोटोकॉपी भी मेरी दुकान से कराई गई थी, लेकिन 'दर' और 'मात्रा' के कॉलम में अंक भरने में त्रुटि हो गई. दरअसल, मात्रा वाले कॉलम में 2000 लिखा जाना था और दर 2 रुपए लिखनी चाहिए थी. मगर दूसरा रसीद कट्टा न होने की वजह से वही बिल पंचायत को दे दिया गया.''
रिपोर्ट्स में कुदरी पंचायत के सचिव हेमराज कहार ने बताया, ''मुझे पंचायत में जॉइन किए कुछ दिन ही हुए हैं. जो भुगतान हुआ है, वह मेरे समय का नहीं है. बिल बनाने में जरूर गड़बड़ी हुई है, उसमें दर की जगह मात्रा और मात्रा की जगह दर लिख दिया गया है.''





