भारत

BIG BREAKING: ईरान ने इजरायल पर फिर किया मिसाइल हमला, हाइफा समेत कई शहरों में सायरन

Shantanu Roy
19 Jun 2025 8:20 PM IST
BIG BREAKING: ईरान ने इजरायल पर फिर किया मिसाइल हमला, हाइफा समेत कई शहरों में सायरन
x
बड़ी खबर
Tel Aviv. तेल-अवीव। इजरायल और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर बड़ा सैन्य टकराव देखने को मिला है। ईरान ने बुधवार को इजरायल पर एक और बड़ा मिसाइल हमला किया है। इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने पुष्टि की है कि ईरान ने इस बार बैलिस्टिक मिसाइलों की साल्वो यानी एक साथ कई मिसाइलों की बौछार कर हमला किया, जिससे उत्तरी इजरायल के शहरों में हवाई हमले के चेतावनी सायरन बजने लगे। इस हमले ने इजरायली नागरिकों में अफरातफरी मचा दी और उन्हें बंकरों में छिपने के निर्देश दिए गए।

हाइफा, अक्रा और नाहारिया में गूंजे सायरन
IDF ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि मिसाइलें मुख्य रूप से उत्तरी इजरायल के शहरों हाइफा, अक्रा, नाहारिया और अन्य इलाकों को निशाना बनाकर दागी गईं। जैसे ही हमले की आशंका बनी, इन शहरों में हवाई हमले के सायरन बजाए गए और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल लोगों को बंकरों और सुरक्षित स्थानों में जाने का निर्देश जारी किया।

आयरन डोम सिस्टम पर दबाव
विशेषज्ञों के अनुसार, यह हमला साल्वो तकनीक से किया गया जिसमें एक साथ कई दिशाओं से मिसाइलें छोड़ी जाती हैं, जिससे एयर डिफेंस सिस्टम ओवरलोड हो जाता है। इजरायल का ‘आयरन डोम’ सिस्टम दुनिया के सबसे शक्तिशाली मिसाइल डिफेंस तंत्रों में गिना जाता है, लेकिन लगातार और भारी संख्या में मिसाइलों की वजह से उसे सभी को इंटरसेप्ट करना मुश्किल हो जाता है।

ईरान ने इस्तेमाल की खतरनाक मिसाइलें
IDF और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने इस हमले में Shahab, Sejjil और Fateh-110 जैसी लंबी दूरी तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। इन मिसाइलों की मारक क्षमता 300 से लेकर 2,000 किलोमीटर तक होती है। इससे पहले, तेहरान से हुए हमले में तेल-अवीव स्थित स्टॉक एक्सचेंज और सोरोका अस्पताल जैसे संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया गया था, जिसमें दर्जनों नागरिक घायल हो गए थे।

इजरायल की जवाबी कार्रवाई की तैयारी
इजरायली सेना ने कहा है कि देश की वायु सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई है और हमले को नाकाम करने की पूरी कोशिश की जा रही है। सेना ने आगे बताया कि स्थिति की गंभीर निगरानी की जा रही है और ईरान के खिलाफ आवश्यकतानुसार जवाबी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पहले से ही कुछ लक्ष्यों को चिन्हित किया जा चुका है, जिनमें ईरानी सैन्य अड्डे और रक्षा प्रतिष्ठान शामिल हैं।

बढ़ता तनाव, युद्ध की आशंका
इस ताजा हमले ने यह साफ कर दिया है कि ईरान-इजरायल संघर्ष अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है। दोनों देशों के बीच पहले भी मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन हालिया हमलों की तीव्रता और सटीकता युद्ध जैसे हालात की तरफ इशारा कर रही है। विशेषज्ञों की मानें तो यह संघर्ष केवल दो देशों के बीच नहीं, बल्कि यह मध्य पूर्व की स्थिरता और वैश्विक राजनीति को भी गहराई से प्रभावित कर सकता है। अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों की नजरें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हैं, और किसी भी अप्रत्याशित जवाबी कार्रवाई से हालात और बिगड़ सकते हैं।
Next Story