भारत
BIG BREAKING: पूर्वी दिल्ली पुलिस ने तोड़ा अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट, दो तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Aug 2025 6:31 PM IST

x
बड़ी खबर
East Delhi. पूर्वी दिल्ली। समाज को नशे के जहर से मुक्त कराने के अभियान के तहत पूर्वी दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने ज़ीरो टॉलरेंस नीति को अमल में लाते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने दिल्ली के तिलकपुरी इलाके से एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया, वहीं उसके उत्तर प्रदेश स्थित बरेली जिले से मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया। आरोपियों के पास से कुल 167.78 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
गुप्त सूचना से खुला सिंडिकेट का राज
पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड लगातार इलाके में फैले नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सघन अभियान चला रही थी। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण कुमार कर रहे थे और कार्यवाही एसीपी ऑप्स ईस्ट श्री पवन कुमार की निगरानी में अंजाम दी गई। विशेष टीम में एसआई दीपक, एसआई राहुल और एसआई संजीव समेत अन्य जवान शामिल थे। इस बीच टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति त्रिलोकपुरी इलाके में स्मैक बेचने के इरादे से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 19 ब्लॉक चौक, त्रिलोकपुरी के पास जाल बिछाया और कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे युवक को दबोच लिया। आरोपी की पहचान रहीम के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर रहीम के पास से 50.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
बरेली से होती थी दिल्ली में सप्लाई
थाने में पूछताछ के दौरान रहीम ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह लंबे समय से यूपी के बरेली जिले से नशे का सामान लाकर दिल्ली में बेच रहा था। रहीम ने बताया कि उसे यह माल बरेली निवासी नदीम अली सप्लाई करता था। रहीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क को तोड़ने का फैसला किया और एक विशेष टीम को बरेली भेजा गया।
कटघर मोहल्ले से नदीम अली गिरफ्तार
बरेली पहुंची टीम ने घंटों सघन छानबीन के बाद नदीम अली की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने अंततः उसे मोहल्ला कटघर, बाकरगंज गांव के पास स्थित अंगूरी मस्जिद से धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय नदीम के पास से 117.38 ग्राम स्मैक बरामद की गई। प्राथमिक पूछताछ में नदीम ने स्वीकार किया कि वह बरेली के स्थानीय सप्लायरों से स्मैक लेकर उसे दिल्ली के कई इलाकों में स्थित पेडलर्स को बेचता था।
पैसे की लालच में अपराध की राह
पूछताछ के दौरान रहीम ने बताया कि वह पहले एक दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करता था, लेकिन जल्दी पैसा कमाने की चाह में वह इस अवैध धंधे में उतर गया। उसे नशे का सामान दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे पेडलर्स को बेचने का जिम्मा दिया गया था। वहीं, नदीम अली इस नेटवर्क की अहम कड़ी था, जो दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक स्मैक की आपूर्ति करता था।
पुलिस को मिल सकते हैं और सुराग
दोनों आरोपियों से अब पुलिस की टीम विस्तृत पूछताछ कर रही है। अधिकारी मान रहे हैं कि रहीम और नदीम अली की गिरफ्तारी से इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं और इसमें शामिल अन्य बड़े तस्करों तक भी पुलिस पहुंच सकती है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि स्मैक की खेप किस स्रोत से बरेली पहुंचती थी और क्या इसका कोई अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी है।
पूर्वी दिल्ली पुलिस का सख्त संदेश
पूर्वी जिला डीसीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नशे के खिलाफ पुलिस की ‘ज़ीरो टॉलरेंस नीति’ केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर इस पर पूरी सख्ती से अमल किया जा रहा है। ऐसे तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, जो युवाओं के भविष्य को नशे के गर्त में धकेल रहे हैं। बयान में आगे कहा गया है, “हमारा लक्ष्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क का समूल नाश है। समाज को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए हम हर स्तर पर सक्रिय हैं और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”
Tagsपूर्वी दिल्लीड्रग्स तस्करीस्मैक बरामदगीड्रग पेडलरबरेली सप्लायररहीमनदीम अलीअंतरराज्यीय सिंडिकेटएंटी नारकोटिक्स स्क्वाडदिल्ली पुलिसNarcotics SquadEast Delhi PoliceBareilly Drug SupplierInter-State Smack NetworkDrug Bust DelhiTilakpuri Drug ArrestACP Pawan KumarInspector Arun KumarAnti-drug Operation
Next Story





