भारत

BIG BREAKING: एक परिवार के 5 लोगों की बेरहमी से हत्या, फैली सनसनी

Shantanu Roy
7 July 2025 7:09 PM IST
BIG BREAKING: एक परिवार के 5 लोगों की बेरहमी से हत्या, फैली सनसनी
x
बड़ी खबर
Purnia. पूर्णिया। राज्य के पूर्णिया जिले से एक बेहद सनसनीखेज और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अंधविश्वास की आग में जलते एक गांव में 5 लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। हत्या के बाद शवों को जलाकर बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया गया। यह हृदयविदारक घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजीगंज पंचायत के टेटगामा वार्ड-10 की है। मृतकों की पहचान बाबूलाल उरांव (50), उनकी पत्नी सीता देवी (48), मां कातो देवी (65), बहू रानी देवी (23), और बेटा मंजीत उरांव (25) के रूप में हुई है।
3 दिन पहले बच्चे की मौत बनी वजह, गांव में फैला अंधविश्वास
जानकारी के मुताबिक, बाबूलाल का परिवार झाड़फूंक का काम करता था। कुछ दिन पहले गांव के एक बच्चे की मौत हो गई थी, जिसके बाद गांव वालों ने सीता देवी पर "डायन" होने का शक जताया और परिवार को मौत का निशाना बना डाला।
प्रत्यक्षदर्शी बेटे ने बताया- "मेरे सामने मारा गया पूरा परिवार"
मृतक के बेटे सोनू उरांव ने बताया, "रविवार की रात करीब 10 बजे अचानक गांव के करीब 50 लोग हमारे घर में घुस आए और मेरी मां सीता देवी को डायन बताकर पीटना शुरू कर दिया। मेरे सामने ही पूरे परिवार को बांस से पीट-पीटकर मारा गया और फिर डीजल डालकर जिंदा जला दिया गया।" सोमवार शाम करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक तालाब में जब ग्रामीणों ने बदबू महसूस की, तब जाकर सच्चाई सामने आई। मृतकों के जले हुए शव अलग-अलग बोरों में भरकर तालाब की जलकुंभियों में छिपाए गए थे। सभी शव 80% से अधिक जल चुके थे, जिससे पहचान में भी कठिनाई हुई।
पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान एक आरोपी नकुल ने स्वीकार किया कि "मारपीट के बाद डीजल छिड़क कर पांचों को जिंदा जलाया गया था।" पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस नृशंस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों व्याप्त हैं। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति तनावपूर्ण न हो।
Next Story