भारत

BIG BREAKING: 4 मंत्रियों ने अपने पदों से दिया इस्तीफा

Shantanu Roy
22 Sep 2024 5:23 PM GMT
BIG BREAKING: 4 मंत्रियों ने अपने पदों से दिया इस्तीफा
x
बड़ी खबर
Punjab. पंजाब। पंजाब के 4 मंत्रियों ने अपने पदों से रविवार को इस्तीफा दे दिया। कैबिनेट मंत्री बलकौर सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, ब्रह्म शंकर जिम्पा और अनमोल गगन मान ने अपने पद छोड़ दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, तरणप्रीत सिंह सोंध, मोहिंद्र भगत, हरदीप सिंह मुंडिया, बरिंद्र कुमार गोयल और डॉ. रवजोत को मंत्री बनाया जा सकता है। 4 मंत्रियों को हटाकर 5 नए मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। मंत्रिमंडल में एक पद गुरमीत सिंह मीत हेयर के लोकसभा सदस्य चुने जाने के कारण खाली हुआ था।

पंजाब राजभवन में भी नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को शाम 5 बजे होगा। जालंधर पश्चिम सीट पर उपचुनाव में मिली जीत के बाद भगवंत मान सरकार की कैबिनेट में फेरबदल के आसार जताए जा रहे थे। माना जा रहा था कि मोहिंदर भगत को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। उन्होंने 37000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इससे पहले पिछले साल नवंबर में कैबिनेट में फेरबदल किया गया था, जिसमें चेतन सिंह जौड़ामाजरा को खनन मंत्रालय दिया गया था। गुरमीत सिंह मीत को खेल एवं युवा मामलों का मंत्रालय सौंपा गया था। जालंधर पश्चिमी हलके के उपचुनाव में जीत कर विधानसभा पहुंचे मोहिंद्र भगत को मंत्री बनाने का वायदा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके चुनाव प्रचार दौरान किया था।

भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा का नाम बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रहे डॉ. राज बहादुर के साथ व्यवहार को लेकर विवादों में आया था। उसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका विभाग तो बदल दिया था, मगर विपक्ष के भारी दबाव के बावजूद मंत्रिमंडल में बनाए रखा था। इसी तरह बलकार सिंह भी वायरल वीडियो को लेकर विवाद में घिरे रहे, मगर सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इनके अलावा अनमोल गगन मान अपने विभागों में खास सक्रिय नहीं थी। माना जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन मंत्रियों को हटाने का फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ सलाह-मशविरा करके लिया है। दोआबा के 2 मंत्रियों बलकार सिंह और ब्रह्म शंकर जिम्पा की जगह दोआबा से ही डॉ. रवजोत और मोहिंद्र भगत को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।
Next Story