भारत

पाडोली गांव में 100 बेड के मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के लिए भूमि पूजन

Nil dhankar
29 March 2026 9:55 AM IST
पाडोली गांव में 100 बेड के मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के लिए भूमि पूजन
x

उत्तराखंड। जिला चमोली की तहसील कर्णप्रयाग के पाडोली गांव में आज एक ऐतिहासिक आयोजन हुआ। यहां 100 बेड क्षमता वाले मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 2013 की विनाशकारी प्रलयकालीन आपदा में मृत हुए लाखों लोगों की स्मृति में समर्पित है, जिसमें सेवा और परमार्थ भाव का अनूठा संगम देखने को मिला।

श्री कैदारनाथ धर्मशाला ट्रस्ट ने इस परियोजना को विगत वर्षों की त्रासदी से सबक लेते हुए मानवीय सेवा के उद्देश्य से तैयार किया है। ट्रस्ट का मानना है कि यह अस्पताल न केवल चिकित्सा सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि नर्सिंग कॉलेज के माध्यम से क्षेत्रीय युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षण का अवसर भी प्रदान करेगा। इससे पहाड़ी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी।

निर्माण कार्य का प्रबंधन गुरुग्राम की अग्रणी और तकनीकी रूप से उत्कृष्ट कंपनी निर्माण प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट द्वारा किया जाएगा। कंपनी के अनुभवी विशेषज्ञों की टीम इस प्रोजेक्ट को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। भूमि पूजन समारोह में कंपनी के डायरेक्टर धर्मेंद्र जैन, एसकेपी इंफ्राटेक के मेनेजिंग डायरेक्टर सुरेश पांडे, सिद्धार्थ, नीलोत्पल, राकेश राणा तथा महेंद्र राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन और स्थानीय प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

भूमि पूजन के दौरान वेद मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बीच सभी ने प्रोजेक्ट की सफलता की कामना की। डायरेक्टर धर्मेंद्र जैन ने कहा, "यह परियोजना न केवल स्मृति का प्रतीक है, बल्कि भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा का आधार बनेगी। हमारी कंपनी पूर्ण पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करेगी।" कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति पूर्ण गीतों और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पाडोली जैसे दूरस्थ गांव में ऐसी सुविधा मिलना एक वरदान होगा। जल्द ही शुरू होने वाले निर्माण कार्य से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। श्री कैदारनाथ धर्मशाला ट्रस्ट ने इस परियोजना को सेवा भाव से जोड़ते हुए इसे उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर बताया है।

Next Story
null