
कुशीनगर। कसया की ब्यूटीपार्लर संचालिका के साथ सिपाहियों ने बदसूलकी की। महिला को आधी रात में जबरन गोरखपुर ले जाए गए और ढाबे पर अभद्रता की। उधर, इस मामले की शिकायत पर एसपी ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी है। पुलिस ने दोनों सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया है।
एसपी केशव कुमार के जनता दर्शन में मंगलवार को कसया की ब्यूटीपार्लर संचालिका ने शिकायत की कि कसया थाने में तैनात सिपाही उमाशंकर यादव व महेंद्र सोमवार की रात करीब दो बजे दरवाजा पीटकर उसके किराए के आवास में जबरन घुस गए। उसे जबरन लेकर गोरखपुर स्थित एक ढाबे पर पहुंचे। वहां दुर्व्यवहार किया। भोर में उसे कसया लाकर छोड़ा। एसपी ने दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। देर रात उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया।
ब्यूटीपार्लर संचालिका ने एसपी से अपनी शिकायत में बताया कि कसया थाने में तैनात दो सिपाही सोमवार को एक किशोर को बाल सुरक्षा गृह में लेकर गए थे। वहां से लौटने के दौरान गोरखपुर के ए्म्स थाना के माड़ापारस्थित एक ढाबे में शराब की डिमांड को लेकर संचालक से विवाद हो गया। ढाबा संचालक पहले कसया में एक होटल संचालित करता था, जो मौजूदा समय में सील है। वहां से दोनों कसया पहुंचे और उसे लेकर फिर ढाबे पर पहुंचे। वहां उसके साथ अभद्रता की और भोर में उसे कसया में छोड़ दिया। किसी से शिकायत नहीं करने की धमकी दी और चले गए। एसपी केशव कुमार ने बताया कि ब्यूटीपार्लर संचालिका की शिकायत पर दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गयी है।





