भारत

व्हाट्सऐप पर फोटो भेजकर बैंक खाता हैक, ऐसे करें बचाव

Shantanu Roy
22 Sept 2025 3:36 PM IST
व्हाट्सऐप पर फोटो भेजकर बैंक खाता हैक, ऐसे करें बचाव
x
Shimla. शिमला। साइबर ठग आए दिन ठगी के नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। साइबर ठग कभी नकली कॉल करते हैं, तो कभी फर्जी वेबसाइट बनाते हैं और नकली ऐप भी इस्तेमाल करते हैं। अब साइबर ठग एक नया तरीका अपना रहे हैं, जिसमें वे एक सीधी-सादी दिखने वाली फोटो का इस्तेमाल कर रहे हैं। शातिर व्हाट्सऐप पर अनजान नंबरों से लोगों के नंबरों पर फोटो भेज रहे हैं। फोटो डाउनलोड करते ही शातिर लोगों के बैंक खाते से राशि उड़ा रहे हैं। यह एक नया ऑनलाइन स्कैम है, जिसमें फोटो फाइल के अंदर खतरनाक वायरस छिपा होता है। यह नया स्कैम लोगों को ऐसी फोटो भेजकर फंसाता है, जिसके अंदर वायरस छिपा
होता है।


ये फोटो अकसर व्हाट्सऐप जैसे मैसेजिंग ऐप के जरिए भेजी जाती है। हैकर्स एक खास तकनीक स्टेग्नोग्राफी का इस्तेमाल करते हैं, जिससे वे फोटो फाइल के अंदर खराब कोड डाल देते हैं। जब कोई उस फोटो को डाउनलोड करता है या खोलता है, तो वह वायरस चुपचाप अपने आप इंस्टॉल हो जाता है। इंस्टॉल होने के बाद यह वायरस कई खतरनाक काम कर सकता है, जैसे कि यह वायरस बैंक डिटेल्स, लॉगिन आईडी, वन-टाइम पासवर्ड और पासवर्ड चुरा सकता है। एसपी साइबर क्राइम रोहित मालपानी का कहना है कि अंजान नंबरों से आई फाइलें न खोलें। जिन लोगों को आप नहीं जानते, उनसे आई कोई भी फाइल या फोटो डाउनलोड या न खोलें। साइबर ठगी के मामलों को लेकर नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
Next Story