भारत

सेहरा पहनाकर दी बेटे को अंतिम विदाई

Shantanu Roy
19 Jun 2026 5:07 PM IST
सेहरा पहनाकर दी बेटे को अंतिम विदाई
x
Galod. गलोड़। 10 जून को ओमान और ईरान के मध्य स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में एक शिपिंग कंपनी के जहाज पर हुए हमले में मारे गए जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत हड़ेटा के गांव भालू के मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा (23) का पार्थिव शरीर गुरुवार को नौंवे दिन पैतृक गांव लाया गया। यहां गांव के मोक्षधाम में गुरुवार दोपहर आदित्य शर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुरुवार को जैसे ही आदित्य शर्मा की पार्थिव देह भालु गांव पहुंची पूरा माहौल गमगीन हो गया। पिछले 9 दिनों से अपने बेटे की अंतिम झलक पाने को तरस रही मां के आंसू तो मानो थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे। अपने इकलौते बेटे की शादी से लेकर उसके भविष्य के लिए कई सपने संजोए बैठे बेबस माता-पिता ने सेहरा पहनाकर बेटे को अंतिम विदाई दी। यह पल ऐसा था कि कोई भी अपने आंसुओं को
रोक नहीं पाया।

आदित्य के घरवालों के अतिरिक्त आसपास गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से आदित्य को विदा किया। इस अवसर पर आदित्य शर्मा के परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य क्षेत्रवासियों के अलावा नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री प्रशासन की ओर से उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव कुमार, अन्य अधिकारियों, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैप्टन प्रेम चंद शमा, संजीव शर्मा और अन्य गणमान्य लोगों ने मोक्षधाम पहुंचकर दिवंगत आदित्य शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा, अन्य परिजनों एवं रिश्तेदारों को ढाढस बंधाया और कहा कि इस दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन शोक संतप्त परिवार के साथ है। मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश जारी किए हैं और शोक संतप्त परिवार को प्रदेश सरकार एवं प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। गौरतलब है कि ओमान की खाड़ी में गत दस जून को एक वाणिज्यिक टैंकर पर हुए अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। इनमें हमीरपुर जिले के भालु गांव के 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी कैडेट आदित्य शर्मा भी शामिल थे।
Next Story