भारत

साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में रेप की कोशिश, मेडिकल छात्रा सदमे में

Nilmani Pal
14 March 2026 6:08 AM IST
साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में रेप की कोशिश, मेडिकल छात्रा सदमे में
x
ब्रेकिंग
यूपी। राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक ऐसी घृणित वारदात में कार्रवाई की है, जिसने ट्रेन के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले 'फर्स्ट एसी' कोच की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस में सफर कर रही एक मेडिकल छात्रा उसी कोच में मौजूद यात्री ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने और उसकी माँ द्वारा सोशल मीडिया पर तत्काल गुहार लगाने के बाद, ट्रेन के लखनऊ पहुँचते ही जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मेडिकल की छात्रा है और वह ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में यात्रा कर रही थी। छात्रा की मां ने 'एक्स' पर रेलवे और यूपी पुलिस को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को अकेला पाकर सहयात्री अमित सिंह यादव ने मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। आरोपी ने पहले छात्रा को कोई नशीली वस्तु खिलाने का प्रयास किया ताकि वह बेसुध हो जाए। जब छात्रा ने इनकार किया, तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और गलत नीयत से उसे दबोच लिया। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए कड़ा विरोध किया और शोर मचाया। शोर सुनकर कोच में मौजूद अन्य यात्री और टीटीई मौके पर पहुँचे, जिसके बाद आरोपी पीछे हटा।

पीड़िता की माँ ने अपनी पोस्ट में व्यथा व्यक्त करते हुए लिखा कि उनकी बेटी बुरी तरह डरी हुई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीआरएम (DRM) लखनऊ और रेल सेवा ने तत्काल रिस्पॉन्स दिया। कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना लखनऊ जीआरपी को भेजी गई। जैसे ही ट्रेन देर रात लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर रुकी, जीआरपी की टीम कोच में दाखिल हुई और आरोपी अमित सिंह यादव को हिरासत में ले लिया। जीआरपी लखनऊ के अनुसार, उप-निरीक्षक लक्ष्मी सिंह और एएसआई राधेश्याम त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। आरोपी को ट्रेन से उतारकर थाने लाया गया, जहाँ पीड़िता की तहरीर पर संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और छात्रा को हर संभव सुरक्षा व सहायता प्रदान की गई है। इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा और विशेष रूप से रात के समय पेट्रोलिंग की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Next Story
null