भारत

किशनपुरा उप-कारागार में जेल कर्मियों पर हमला

Shantanu Roy
18 May 2026 5:17 PM IST
किशनपुरा उप-कारागार में जेल कर्मियों पर हमला
x
BBN. बीबीएन। पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत सब जेल किशनपुरा में ड्यूटी के दौरान जेल कर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस थाना मानपुरा में पांच बंदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और प्रिज़न्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपकारागार किशनपुरा में तैनात जेल वार्डर रोहित कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव
थाची जिला मंडी
ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गत रविवार को जेल परिसर में निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बंदी सूर्यातेज पुत्र ईश्वर, दीपक पुत्र दिलबाग, सुनील पुत्र सुरेंद्र, गुरचरण पुत्र कमल तथा गगन पुत्र विनोद ने एकजुट होकर अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में जेल वार्डर रोहित कुमार को सिर और पीठ पर चोटें आई है। शिकायत के अनुसार जब हवलदार नंदलाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपित बंदियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें लगीं। घटना के बाद जेल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बंदियों ने ड्यूटी में बाधा पहुंचाने के साथ जेल कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि उप-कारागार किशनपुरा में जेल कर्मियों के साथ मारपीट की शिकायत के आधार पर पांच बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत उप-कारागार किशनपुरा पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रह चुका है। बीते दिनों पुलिस और जेल प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जेल की सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की एक गंभीर और सुनियोजित कोशिश को समय रहते विफल कर दिया था। कार्रवाई के दौरान एक अवैध पिस्टल सहित अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया था और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इससे पूर्व भी किशनपुरा जेल में बंद कैदियों द्वारा मोबाइल फोन के जरिए बाहरी लोगों से संपर्क बनाए रखने और फिरौती मांगने का मामला सामने आ चुका है।
Next Story