भारत

ज्योतिषी ने डीके शिवकुमार के CM बनने की कर दी थी भविष्यवाणी

Nilmani Pal
30 May 2026 7:04 AM IST
ज्योतिषी ने डीके शिवकुमार के CM बनने की कर दी थी भविष्यवाणी
x

कर्नाटक। कांग्रेस सरकार के नेतृत्व परिवर्तन के बीच राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे शिवकुमार को लेकर उनके करीबी ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने करीब 40 साल पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि डीके शिवकुमार एक दिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे.

पीटीआई वीडियो से बातचीत में द्वारकानाथ गुरुजी ने कहा कि डीके शिवकुमार केवल एक दिन या एक बार के मुख्यमंत्री नहीं होंगे, बल्कि लंबी पारी खेलने वाले नेता साबित होंगे. उन्होंने कहा कि शिवकुमार की कुंडली बेहद मजबूत है और वह लंबे समय तक कर्नाटक की राजनीति में शीर्ष भूमिका निभाएंगे.

ज्योतिषी ने दावा किया कि उन्होंने शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए तीन शुभ तारीखें भी दी हैं. इनमें 31 मई, 5 जून और 6 जून शामिल हैं. बता दें कि कांग्रेस के भीतर जारी मंथन के बीच यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए नेता के नाम पर औपचारिक फैसला हो सकता है. उधर, राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और कैबिनेट भंग कर दी गई है. इसके बाद से ही कांग्रेस नेतृत्व नई सरकार के गठन को लेकर लगातार बैठकों में जुटा हुआ है.

द्वारकानाथ गुरुजी ने यह भी कहा कि डीके शिवकुमार को कांग्रेस हाईकमान का पूरा समर्थन मिलेगा. उनके मुताबिक, शिवकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक स्वस्थ और समृद्ध राज्य बनेगा क्योंकि उनके पास राज्य के विकास को लेकर स्पष्ट विजन है.

Next Story