भारत

बर्खास्त 41 कर्मियों की सेवाएं बहाल करने का आश्वासन

Shantanu Roy
22 May 2026 4:15 PM IST
बर्खास्त 41 कर्मियों की सेवाएं बहाल करने का आश्वासन
x
Shimla. शिमला। पर्यटन सीजन के बीच पिछले सात दिनों से सफाई संकट झेल रहे शिमला शहर को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। नगर निगम प्रशासन और सैहब सफाई कर्मियों के बीच गुरुवार को हुई अहम वार्ता सफल रही, जिसके बाद लंबे समय से जारी हड़ताल समाप्त करने का ऐलान कर दिया गया। समझौते के तहत सफाई कर्मियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है, जिसमें 10 फीसदी वेतन बढ़ोतरी, बर्खास्त कर्मियों की बहाली और विशेष अवकाश सुविधा शामिल है। सात दिनों तक चली हड़ताल के कारण राजधानी शिमला की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए थे। रिज, मालरोड, लोअर बाजार, संजौली और उपनगरों तक गंदगी फैलने से शहर की छवि पर भी असर पड़ रहा था। गुरुवार दोपहर मेयर सुरेंद्र चौहान और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की चर्चा हुई। अंतत: दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। समझौते के अनुसार सफाई कर्मियों के वेतन में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए 41 कर्मियों की सेवाएं भी बहाल होंगी।

कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग 4-9-14 नीति के तहत 15 दिन की विशेष छुट्टी सुविधा देने पर भी सहमति बनी है। कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से सफाई व्यवस्था संभालने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही थीं। अब समझौते के बाद कर्मियों में संतोष है। मेयर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों को लिखित आश्वासन देते हुए कहा कि मांगों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। शहरवासियों को पिछले सात दिनों में हुई असुविधा के लिए नगर निगम खेद व्यक्त करता है। मेयर ने भरोसा दिलाया कि शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सैहब कर्मियों के अध्यक्ष जसवंत ने भी सभी कर्मचारियों से शुक्रवार सुबह से नियमित रूप से काम पर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। संघर्ष के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाई और अब शहर को फिर से साफ-सुथरा बनाने की जिम्मेदारी भी पूरी मेहनत से निभाई जाएगी। गौरतलब है कि शिमला में करीब 800 सफाई कर्मी पिछले एक सप्ताह से हड़ताल पर थे। हड़ताल के कारण नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था प्रभावित रही और शहर के कई हिस्सों में गंदगी फैल गई थी। पर्यटन सीजन के दौरान सफाई संकट गहराने से होटल व्यवसायियों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई थी। ऐसे में बुधवार को नगर निगम और सैहब सोसायटी के बीच समझौते के बाद हड़ताल कत्म करने का फैसला लिया है।
Next Story