भारत

लंदन में भारतीय दूतावास पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

Shantanu Roy
3 Oct 2025 3:13 PM IST
लंदन में भारतीय दूतावास पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 5 अक्तूबर से 12 अक्तूबर, 2025 तक बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाऊन में आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने गये हैं। पठानिया आजकल लंदन में हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया पिछले कल यूनाइटेड किंगडम, लंदन में एल्डविच स्थित भारतीय दूतावास इंडिया हाऊस पहुंचे। उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद थे। इस दौरान पठानिया ने लंदन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम के दोरईस्वामी से मुलाकात की तथा कई राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा की। बैठक के दौरान पठानिया ने विशेषकर सतत पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के परिवेश में सतत पर्यटन का विशेष
महत्व है।


इसे विकसित करना आज समय की मांग है। पठानिया ने कहा कि सतत पर्यटन एक ऐसा पर्यटन दृष्टिकोण है जिसका लक्ष्य पर्यावरण, समाज और अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव डालना है जिससे वर्तमान और भविष्य की पीढिय़ों की जरूरतों को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यटन को किसी भी क्षेत्र में इस तरह और इस पैमाने पर विकसित व अनुरक्षित करना चाहिए ताकि वह पृथ्वी की जीवन रक्षक प्रणाली की सुरक्षा करते हुए अनंत काल तक व्यवहार्य बना रहे और आने वाली पीढिय़ों का कल्याण इसमें सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल में ही भारत के शिमला, डलहौजी जैसे पर्यटक स्थलों पर कई खूबसूरत इमारतों का निर्माण हुआ है जिन्हें आज भी पर्यटक बड़े चाव से देखने आते हैं तथा आकर्षण का केंद्र बने हैं। इस अवसर पर पर्यटन के अलावा और भी कई कूटनीतिक संबंधों तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। पठानिया 3 अक्तूबर को सम्मेलन में भाग लेने के लिए लंदन से बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाऊन के लिए रवाना होंगे।
Next Story