आर्टिस्ट ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा - मेरी गलतियों की सजा मेरे परिवार को न दी जाए

कानपुर। मुझे माफ कर देना, सारी गलती मेरी है। मेरा परिवार निर्दोष है, उन्हें कुछ भी ना करें। शायद इस दुनिया में कोई नहीं जो मुझे समझ सके। मैं बस इतना चाहता हूं कि मेरी गलतियों की सजा मेरे परिवार को न दी जाए। उन्होंने कुछ भी नहीं किया। सारी चीजें पहले जैसी हो जाएं, जैसी होती थीं। प्लीज, मेरी ये लास्ट इच्छा पूरी कर दो। मैं अपनी कल्पनाओं की दुनिया में वापस जा रहा हूं। ये दिल को दहलाने वाली बातें सुसाइड नोट में लिखकर यूपी के कानपुर में एक आर्टिस्ट ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
विजय नगर निवासी 24 वर्षीय अभिषेक गुप्ता पेंटिंग का काम करते थे। परिवार में मां माया और छोटा भाई अनुराग हैं। परिजनों ने बताया कि अभिषेक ने सीएसजेएमयू से फाइन आर्ट्स से स्नातक किया था। जहां की आर्ट गैलरी में पुरस्कृत होने के बाद उसे चौबेपुर स्थित लोहिया ग्रुप में नौकरी मिली थी। शुक्रवार रात को खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। शनिवार को जब मां अभिषेक को बुलाने कमरे गईं तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। बेटे का शव फांसी पर लटक रहा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच की तो कमरे में सुसाइड नोट मिला। काकादेव थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक काफी समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। बावजूद इसके वह किसी को कुछ बताता भी नहीं था जिसकी वजह से उसकी काउंसिलिंग भी कराई गई थी।





