Breaking News

सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत

Shantanu Roy
11 Dec 2023 12:10 AM IST
सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत
x

करनाल। करनाल में सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई। रविवार को गांव मुंड में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बुजुर्ग पिता ने अपने बेटे को मुखाग्नि दी। गौरव (25) दो बहनों के इकलौते भाई थे। 9 महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। गौरव के पिता बलवान ने बताया कि शनिवार को एग्जाम देने के बाद गौरव मामा के लड़के हिमांशु के साथ उनके घर कुटेल जा रहा था। गाड़ी हिंमाशु चला रहा था और गौरव साइड में बैठे थे। रात करीब 8 बजे नमस्ते चौक फ्लाइओवर के पास पंजाब रोडवेज की बस ने कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर बस मौके पर छोड़कर भाग गया।

राहगीरों ने गौरव और हिमांशु को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने गौरव को चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता बलवान ने बताया कि गौरव 6 साल पहले 2017 में सेना में भर्ती हुए थे। 3 साल उसकी ट्रेनिंग सिंकदराबाद में हुई। इसके बाद उसे पोस्टिंग झांसी में मिली। तीन महीने पहले ही उसकी पोस्टिंग लेह लद्दाख में हुई थी। उसने अपने प्रमोशन के एग्जाम देने थे। पिछले सोमवार को वह अपने BA के एग्जाम देने के लिए करनाल एक महीने की छुट्‌टी पर आए थे। 9 महीने पहले ही गौरव की शादी हुई थी। गौरव की दो बहने हैं। सेना में भर्ती होने के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी।

Next Story