भारत

अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर एक और करारा प्रहार

Shantanu Roy
22 Jun 2026 3:02 PM IST
अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर एक और करारा प्रहार
x
Hospice. धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी जंग में कांगड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान आपरेशन नया सवेरा के तहत पुलिस ने बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन का सहारा लेते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन (चिट्टा) तस्करी नेटवर्क के तीन प्रमुख आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस ने नशे के पूरे सप्लाई नेटवर्क पर एक करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने बताया कि इन आरोपियों को पकडऩे के लिए सीआईए कांगड़ा की विशेष टीमों का गठन कर उन्हें पंजाब के विभिन्न स्थानों पर भेजा गया था। समन्वित कार्रवाई करते हुए टीमों ने गौरव साहोता, हनी (पुत्र सोमनाथ) और हनी कुमार (पुत्र ऋषि कुमार) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों, वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण और पहले पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी में इन तीनों की भूमिका बेहद अहम पाई गई। जांच में सामने आया है कि हनी कुमार इस पूरे नेटवर्क का एक
बड़ा सप्लायर था।

जो मुख्य सरगना अभिषेक साहोता को हेरोइन की खेप पहुंचाता था और सप्लाई चेन को बनाए रखने में मुख्य भूमिका निभाता था। वहीं, गौरव साहोता और हनी (पुत्र सोमनाथ) नशे की बिक्री से कमाए गए काले धन के प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन का संचालन सक्रिय रूप से कर रहे थे। कांगड़ा पुलिस ने बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन रणनीति के तहत पुलिस सीधे सप्लाई नेटवर्क की जड़ों और तस्करों के वित्तीय तंत्र तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एसपी कांगड़ा का कहना है कि मामले की आगे की जांच अभी जारी है। इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, वित्तीय लाभार्थियों और अपराध से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ इस मुहिम को पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस थाना पालमपुर में अब तक तीन एफआईआर (संख्या 57/2026, 59/2026 एवं 61/2026) दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 167.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इसके अतिरिक्त तस्करी में इस्तेमाल किया गया एक पिकअप मालवाहक वाहन और 18 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
Next Story