अमित शाह ने चुनावी मंच से नीतीश कुमार को लेकर किया बड़ा ऐलान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर पहुंचे हैं। बुधवार को उन्होंने दरभंगा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद अपने बेटे तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “आगामी चुनाव बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का एक अवसर है। एनडीए में, सभी पांच सहयोगी पांडवों की तरह एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार चुनाव में एनडीए की जीत निश्चित है।” उन्होंने आगे कहा, “क्या यह ‘महागठबंधन’ कभी बिहार के हित में काम कर सकता है? लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं लेकिन न तो सीएम का पद खाली है और न ही पीएम का।”
अमित शाह ने बुधवार को दरभंगा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जनता से आह्वान किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में दरभंगा की 10 में से 9 सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खाते में गई थीं और इस बार वे सभी 10 सीटें राजग को दिलाएं। दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभा में शाह ने महागठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार दिया और दावा किया कि लोकप्रिय कलाकार मैथिली ठाकुर भी चुनाव जीतेंगी। मैथिली अलीनगर से भाजपा की उम्मीदवार हैं।
शाह ने कहा, “मैथिली भाषा को आधिकारिक भाषा का दर्जा राजग सरकार ने ही दिया। संविधान को भी मैथिली में उपलब्ध कराया गया है। मिथिला के पुनौराधाम में माता सीता का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है। जहां-जहां माता सीता गईं, उन सभी स्थानों को राम सर्किट से जोड़ा जाएगा।” उन्होंने अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। मोदी जी ने अनुच्छेद 370 हटाया लेकिन कांग्रेस और राजद ने इसका विरोध किया।





