भारत

भारत दौरा अमेरिकी ट्रेड टीम ने किया रद्द

Nilmani Pal
17 Aug 2025 7:45 AM IST
भारत दौरा अमेरिकी ट्रेड टीम ने किया रद्द
x

दिल्ली। भारत और अमेरिका के रिश्ते अब पिछले कई दशकों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ से आने वाले दिनों में भारत को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भारत को बड़ा झटका तब लगा जब अमेरिका ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते की छठे दौर की वार्ता को टाल दिया. ये बैठक दिल्ली में 25 अगस्त से लेकर 29 अगस्त तक होने वाली थी. एक अमेरिकी अधिकारी ने जानकारी दी कि इस दौरे को संभवत: पुनर्निर्धारित (रीशेड्यूल) किया जाएगा.

अब तक भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर पांच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है. छठी दौर की वार्ता होनी थी, लेकिन अब वह स्थगित हो गई है. ये बैठक का स्थगन होना भारत के लिए बड़ा झटका है. क्योंकि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए एक्स्ट्रा 25 फीसदी यानि कुल 50 फीसदी टैरिफ 27 अगस्त से लागू हो जाएंगे.

अमेरिका चाहता है कि वह भारत के कृषि और डेयरी के सेक्टर में और व्यापार करे. लेकिन भारत की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि वह अपने किसानों के हितों से समझौता नहीं करेंगे. भारत एक कृषि प्रधान देश है और अगर ऐसे में अमेरिकी बाज़ार भारत के कृषि बाज़ार में दाखिल होता है तो इससे बड़ा आर्थिक नुक़सान होगा.

अमेरिका और भारत लंबे समय से बड़े स्तर पर व्यापार करते आए हैं. लक्ष्य रखा गया है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को सितंबर-अक्टूबर 2025 तक पूरा किया जाना है. साथ ही, द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 500 अरब डॉलर तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है. अभी दोनों के बीच 191 अरब डॉलर का व्यापार होता है.

Next Story
null