भारत

सडक़ किनारे पार्किंग से एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित

Shantanu Roy
28 May 2026 5:20 PM IST
सडक़ किनारे पार्किंग से एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित
x
सरकाघाट। सरकाघाट नागरिक अस्पताल में व्यवस्थाओं की कमी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को स्थिति यह रही कि मनोचिकित्सक को छोडक़र ओपीडी में कोई अन्य डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे सामान्य मरीजों को इमरजेंसी के बाहर घंटों तक इंतजार करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठने लगे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने इस स्थिति पर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों को शीघ्र भरा जाए ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर की जानकारी प्रतिदिन सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाए, ताकि मरीजों को पहले से जानकारी मिल सके।

उन्होंने ओपीडी में टोकन प्रणाली लागू करने और अस्पताल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण देने की भी मांग की, ताकि दिव्यांग, बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उचित मार्गदर्शन मिल सके। इसके अलावा शवगृह (मोर्चरी) में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी पर भी चिंता जताई गई है, जहां बैठने के लिए बेंच, पीने के पानी और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इससे परिजनों और पुलिस कर्मियों को घंटों असुविधा झेलनी पड़ती है, कई बार उन्हें पूरी रात बिना सुविधाओं के रुकना पड़ता है। इसी बीच मुख्य बाजार से अस्पताल तक जाने वाली सडक़ पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय से अस्पताल के मुख्य द्वार तक दोनों ओर अवैध वाहन पार्किंग से मार्ग संकरा हो गया है। इससे एम्बुलेंस के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। यदि समय पर रास्ता नहीं मिला तो गंभीर मरीज की जान को खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए इस मार्ग को पूरी तरह से खाली रखने की मांग उठी है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन जताते हुए शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
Next Story