भारत

‘नशे को हमेशा कहें न’, युवाओं से उपायुक्त की अपील

Shantanu Roy
25 July 2026 3:49 PM IST
‘नशे को हमेशा कहें न’, युवाओं से उपायुक्त की अपील
x
नाहन। संस्कृत महाविद्यालय नाहन में शुक्रवार को जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा वास्तव में ‘नाश’ है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, चरित्र, भविष्य, परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उपायुक्त ने कहा कि प्रतिस्पर्धा, तनाव, अपेक्षाओं का दबाव और असफलता जैसी परिस्थितियों में कई युवा अवसाद का शिकार होकर नशे की ओर बढ़ जाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि असफलता से निराश होने के बजाय अपनी कमियों का विश्लेषण करें, रणनीति बदलें और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि सच्चा मित्र वही होता है जो बुराई से रोके, न कि उसमें साथ दे। उन्होंने युवाओं को सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते खतरे से आगाह करते हुए कहा कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस अवसर पर उपायुक्त ने संस्कृत महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘रसाल’का विमोचन भी किया। जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत लोक नृत्य, लोक संगीत, भाषण, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, पेंटिंग, ऑनलाइन रील निर्माण और ऑनलाइन स्लोगन लेखन सहित आठ प्रतियोगिताओं में करीब 190 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
Next Story