भारत
बीज वितरण में धोखाधड़ी का आरोप, किसान ने कृषि पदाधिकारी से की शिकायत
Shantanu Roy
24 April 2026 2:46 PM IST

x
बड़ी खबर
Motihari. मोतिहारी। मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में बीज वितरण को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कृतपुर गांव के किसान सुनील सिंह ने गणपति ट्रेडर्स पर मूंग और मक्का के बीज देने के नाम पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। किसान का कहना है कि उनसे दस्तावेज और अंगूठे का निशान लेने के बाद भी उन्हें बीज उपलब्ध नहीं कराया गया।
जानकारी के अनुसार किसान सुनील सिंह की किसान पंजीकरण संख्या 2041043977795 है। उन्हें 18 अप्रैल को सूचना दी गई थी कि हरसिद्धि बाजार स्थित गणपति ट्रेडर्स पर उनके लिए मूंग और मक्का के प्रत्यक्षण बीज उपलब्ध हैं। इस सूचना के बाद किसान बीज लेने के लिए दुकान पहुंचे। किसान का आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद उनसे आधार कार्ड और किसान पंजीकरण संख्या ली गई। इसके बाद मशीन पर उनका अंगूठा लगवाया गया और रजिस्टर में हस्ताक्षर भी कराए गए। लेकिन जब बीज देने की बारी आई तो दुकानदार टालमटोल करने लगा और उन्हें बीज नहीं दिया गया।
किसान ने बताया कि जब उन्होंने अपने अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर लेने का कारण पूछा तो दुकानदार ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि क्या उन्होंने उनकी जमीन लिखवा ली है। इस जवाब से किसान असंतुष्ट हो गए और उन्होंने अपने हस्ताक्षर हटाने की मांग की। इस पर दुकानदार ने पहले आनाकानी की, लेकिन बाद में मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद उनके हस्ताक्षर पर एक लकीर खींच दी गई।
घटना के बाद किसान सुनील सिंह ने तुरंत प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) राघव प्रसाद को मोबाइल के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने लिखित शिकायत भी दर्ज कराई और पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। किसान का आरोप है कि इस तरह की प्रक्रिया से किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है, जहां कागजों पर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है लेकिन वास्तविक रूप से लाभ नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि बीज वितरण जैसी योजनाओं में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि किसानों को समय पर सही सामग्री मिल सके और वे खेती का काम प्रभावित न हों।
वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी राघव प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि किसान की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के अन्य किसानों में भी नाराजगी देखी जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि बीज वितरण प्रक्रिया में इस तरह की अनियमितताएं होती रहीं तो कृषि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच पाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच की बात कही गई है और मामले की आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
Next Story





