
दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक में सत्र के दौरान दोनों सदनों के सुचारू कार्य को सुनिश्चित करने के लिए चर्चा होगी. बैठक में केंद्रीय मंत्री सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर नेताओं से बातचीत करेंगे. मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से विपक्ष से सहयोग की अपील की है.
BJP सांसद निशिकांत दुबे कहते हैं, 'रविवार को संसद की बैठक है, उसके बाद ही हम बता पाएंगे कि विपक्षी दलों का एसआईआर पर क्या रुख है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही एसआईआर उसके अधिकार क्षेत्र में है. बिहार में ऐसा कोई मामला नहीं है, जहां एसआईआर से किसी का नाम हटाया गया हो. ये चुनाव भारतीय वोटों से होगा, बांग्लादेशी या विदेशी वोटों से नहीं. एसआईआर का विरोध वे लोग कर रहे हैं जो विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारतीय चुनावों को प्रभावित करते हैं.'
बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार (1 दिसंबर) से शुरू होगा जो कि 19 दिसंबर तक चलेगा. सत्र से ठीक एक दिन पहले आज रणनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो चुका है. सरकार ने आज सुबह 11 बजे संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है. इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे. सरकार सभी दलों से दोनों सदनों के सुचारू संचालन के लिए सहयोग की अपील करेगी.





