भारत

मिंजर और मणिमहेश यात्रा से पहले अलर्ट, नशा तस्करों पर कसो शिकंजा

Shantanu Roy
21 July 2026 5:23 PM IST
मिंजर और मणिमहेश यात्रा से पहले अलर्ट, नशा तस्करों पर कसो शिकंजा
x
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला और श्री मणिमहेश यात्रा के मद्देनजर उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने पुलिस विभाग को जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के सभी होटल, होम-स्टे, गेस्ट हाउस और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाए, ताकि उनकी पहचान सत्यापित हो सके और किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों को विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों के आसपास उग रहे भांग के पौधों को शीघ्र हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के अधिकारियों से नशा तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील रूटों पर चलने वाली बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। एसपी ने बताया कि एनडीपीएस मामलों में संलिप्त पांच सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। सभी मामलों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। बैठक में उपनिदेशक कृषि भूपेंद्र सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डा. करण हितैषी, सहायक अभियंता गौरव कुमार, ओएसडी शिक्षा उमाकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story