एयरफोर्स अधिकारी की हत्या का मामला, परिजनों को कॉन्ट्रैक्टर पर शक

प्रयागराज। पुलिस ने 29 मार्च की रात हुई एयरफोर्स के चीफ इंजीनियर (वर्क) एसएन मिश्रा की हत्या का खुलासा कर दिया है. हालांकि, परिवार ने पुलिस के दावे को खारिज कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सौरभ कुमार उस रात हाई सिक्योरिटी एरिया वाले सेंट्रल एयर कमांड के हेडक्वार्टर में चीफ इंजीनियर के घर चोरी की नीयत से दाखिल हुआ था और पहचान जाने के डर से उसने एसएन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी. लेकिन एसएन मिश्रा के परिवार ने इस खुलासे को नकार दिया है. परिवार की तरफ से इस मामले में जो जानकारी दी गई है वो बेहद चौंकाने वाली है.
परिवार का कहना है कि कोई चोर अगर किसी के घर में चोरी की नीयत से दाखिल होता है तो क्या वो पहले डोर बेल बजाता है? ये एक ऐसा सवाल है, जिससे चीफ इंजीनियर एसएन मिश्रा हत्याकांड को 360 डिग्री घुमा दिया है. इतना ही नही डोरबेल बजाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुलता तो बदमाश दरवाजा काटता है और जब उसे अहसास होता है कि लोग जाग चुके हैं तो वो घर के पीछे जाकर खिड़की खटखटाता है?
परिवार की तरफ से बात करते हुए वकील सौरभ प्रताप सिंह ने बताया कि 29 की रात जब आरोपी इंजीनियर के घर दाखिल हुआ तो सबसे पहले उसने बाहर लगे सीसीटीवी का तार काटा फिर डोर बेल बजाई, घरवालों को लगा कि रात 3 बजे कौन डोर बेल बजायेगा. लेकिन जब वो नहीं उठे तो आरोपी ने दरवाजा काटने का प्रयास किया. इस आहट को सुनने के बाद घर के लोगों को एहसास हुआ कि घर मे कोई दाखिल हो चुका है. जब आरोपी को लगा कि घरवाले जाग गए है तो वो घर के पीछे की विंडो तक पहुंच कर 5 मिनट इंतजार करने के बाद खिड़की पर नॉक करता है, जिसके बाद एनएन मिश्रा ने जैसे ही थोड़ी-सी खिड़की खोलते तो सौरभ पिस्टल से गोली मारकर उनकी हत्या कर देता है.
परिवार के लोगों को शक है कि आरोपी ने साइलेंसर लगी पिस्टल से गोली चलाई थी, क्योंकि उनके फायर की कोई आवाज नहीं सुनाई दी. जब इंजीनियर फर्श पर गिर पड़े तो उन्हें अहसास हुआ कि उन्हें गोली मारी गई है. पुलिस ने आरोपी की जो सीसीटीवी फुटेज तस्वीर जारी की उसमें वो अपना चेहरा ढंके हुए, कंधे पर बैक पैक है और एसएन मिश्रा की विंडो में पिस्टल ताने हुए है, जिसे देखकर आपको 26/11 के हमलावर कसाब की याद आ जाएगी.
पीड़ित के वकील ने बताया कि पुलिस का ये दावा भी सही नहीं लगता, क्योंकि आरोपी खुद ढाई लाख रुपये की बाइक से चलता है और डेढ़ लाख रुपये का फोन इस्तेमाल करता है और उसने चीफ इंजीनियर के घर चोरी की नीयत से 50 हज़ार रुपये के हथियार की खरीद की थी. वहीं, परिवार के करीबी सूत्र बताते हैं एनएन मिश्रा ने हाल में कई कॉन्ट्रैक्टर के कॉन्ट्रैक्ट्स रद्द किए थे, जो उनसे नाराज चल रहे थे. उनमें से किसी कॉन्ट्रक्टर ने सौरभ कुमार को 10 से 15 लाख रुपये की सुपारी देकर उनकी हत्या करवाई है.





