भारत

श्रद्धालुओं ने चरणगंगा में स्नान करने के बाद बेरी साहिब में नवाया शीश

Shantanu Roy
27 Feb 2026 5:50 PM IST
श्रद्धालुओं ने चरणगंगा में स्नान करने के बाद बेरी साहिब में नवाया शीश
x
Amb. अंब। डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी में संचालित दस दिवसीय होली मोहल्ला मेला के दौरान विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चलते अंब चौक से मैड़ी धार्मिक स्थल तक करीब सात किलोमीटर मार्ग पर वाहनों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चौकसी बढ़ा दी है। मेले के तीसरे दिन गुरुवार को हजारों श्रद्धालुओं ने चरणगंगा में स्नान करने के बाद डेरा परिसर में स्थित बेरी साहिब में शीश नवाकर मुरादें मांगीं। श्रद्धालु, पाठी बाबा जी के समक्ष अपनी फरियाद रख रहे हैं। कोई नौकरी, कोई विवाह, कोई संतान प्राप्ति, तो कोई बच्चों की पढ़ाई में अच्छे अंक, विदेश जाने या बीमारी से मुक्ति की कामना लेकर यहां
पहुंच रहा है।


बेरी साहिब के समीप और डेरे के प्रवेश द्वार के पास स्थित विशाल पीपल का पेड़ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बने हुए है। शीश नवाने के बाद श्रद्धालु पेड़ो के नीचे बैठकर ठंडी हवा का आनंद लेकर मानो खुद को खुशनसीब समझ रहे हैं। इन पेड़ो पर सैकड़ों की संख्या में बैठी रंग-बिरंगी चिडय़िों की मधुर चहचहाहट वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना रही है। सुबह लगभग पांच बजे से रात आठ बजे तक पक्षियों की सुरीली एवं अदभुत आवाजें मेले का आकर्षण बनी हुई हैं। प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धार्मिक स्थल प्रबंधन के साथ बैठकें कर आगामी रणनीति तैयार कर रहे हैं। वहीं, एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढऩे की संभावना है।
Next Story