भारत

एक्टर विजय आज CM पद की लेंगे शपथ

Nilmani Pal
10 May 2026 6:36 AM IST
एक्टर विजय आज CM पद की लेंगे शपथ
x

तमिलनाडु। तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने और सरकार गठन का रास्ता शनिवार को पूरी तरह साफ हो गया है. वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) ने उनकी पार्टी टीवीके (TVK) को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया. दोनों दलों के पास 2-2 विधायक हैं. अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है. तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत है.

विजय ने शनिवार शाम तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करके उन्हें 120 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा. इसके बाद राज्यपाल ने विजय की पार्टी टीवीके को तमिलनाडु में सरकार गठन की हरी झंडी दे दी. इसके साथ ही चार दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस खत्म हो गया. तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके के नेतृत्व वाली नई सरकार का शपथ ग्रहण आज (10 मई) होगा. अभिनेता से राजनेता बने विजय आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. राहुल गांधी कल चेन्नई में विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक, विजय शपथ ग्रहण का समय बदलवाना चाहते थे, लेकिन उनके ज्योतिषी ने सुबह 10 बजे का समय शुभ बताया. बताया जा रहा है कि इसी वजह से राज्यपाल के साथ उनकी बैठक करीब दो घंटे तक चली. इस दौरान विजय लगातार अपने ज्योतिषी से फोन पर संपर्क में थे.

राज्यपाल ने नामित मुख्यमंत्री विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है. इससे पहले विजय लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल से मुलाकात के बावजूद सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं दिखा पाए थे. बहुमत के लिए विधायकों की संख्या पूरी नहीं होने के चलते उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की ओर सरकार गठन का न्योता नहीं मिला था. दो साल पुरानी विजय की टीवीके ने इस चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके जैसी द्रविड़ राजनीति के धुरंधरों को पीछे छोड़ते हुए 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की. हालांकि, विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक छोड़नी होगी, इसलिए पार्टी के विधायकों की वास्तविक संख्या 107 है.

डीएमके साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं. त​मिलनाडु चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस डीएमके से अलग होकर, टीवीके को समर्थन देने वाली पहली पार्टी बनी थी. वामदलों ने भी अपने चार विधायकों के साथ विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है. अब वीसीके और आईयूएमएल के जुड़ने से टीवीके बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है. बता दें कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है.

Next Story