
जैसलमेर। जैसलमेर में एक बस आग के हवाले हो गई और इस हादसे में कई यात्री बुरी तरह झुलस गए. ये एक प्राइवेट ट्रैवल बस थी जो जैसलेमर के नाचना से गुरुवार रात अहमदाबाद जा रही थी. शुक्रवार तड़के गुजरात के धानेरा के पास नेनावा गांव पर नेशनल हाईवे पर बस भीषण आग का शिकार हो गई.
ये हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब बस में सवार 16 यात्री गहरी नींद में थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण बस के एयर कंडीशनर (AC) में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई. बस में कुल 16 यात्री सवार थे. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
बस में आग लगने के बाद ज्यादातर यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई. लेकिन इस दौरान एक यात्री आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गया. 3 अन्य यात्रियों के भी मामूली रूप से झुलसे हैं. गंभीर रूप से झुलसे यात्री को तुरंत गुजरात के धानेरा स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए फर्स्ट ऐड देने के बाद पालनपुर रेफर कर दिया गया है.
डॉक्टरों के मुताबिक यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है. अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें फर्स्ट ऐड दिया गया है. गुजरात मे धानेरा पुलिस प्रशासन फिलहाल घटनास्थल पर मौजूद है और आग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.





