भारत

सेना में भर्ती करवाने का झांसा देने वाला युवक गिरफ्तार

Shantanu Roy
24 Sep 2023 9:25 AM GMT
सेना में भर्ती करवाने का झांसा देने वाला युवक गिरफ्तार
x
धर्मशाला। युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर पैसे ऐंठने के मामले में पुलिस ने पठानकोट के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुछ युवकों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा दे रहा है। युवक धर्मशाला के ही एक निजी होटल में ठहरा है। जिस पर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ को लेकर जाल बिछाया था। इसी के चलते शनिवार को आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पठानकोट के शेरपुर निवासी संदीप के रूप में हुई है। आरोपी के पास मौके पर पुलिस ने 3-4 युवाओं के हिमाचली बोनाफाइड, करैक्टर सर्टीफिकेट सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवकों को आगामी सेना की अग्रिवीर भर्ती में उन्हें भर्ती करवाने को लेकर झांसा दे रहा था। अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी युवकों से कितने पैसे ठग रहा था और इस गिरोह में और कितने लोग जुड़े हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच आरंभ कर दी है। उधर, एस.पी. कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री ने बताया कि शनिवार को पठानकोट के शेरपुर निवासी संदीप को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवकों को सेना की आगामी भर्ती रैलियों के दौरान उन्हें सेना में भर्ती करवाने का झांसा दे रहा था और कुछ युवकों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
Next Story